नई दिल्ली (वीएनएस)। विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर भारत और अमरीका के बीच विदेश और रक्षा मंत्री स्तर की बातचीत के लिये इस महीने की 11 तारीख को वॉशिंगटन जा रहे हैं। इस टू प्लस टू संवाद में विदेश मंत्री जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन अमरीकी शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज शाम नयी दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि इस बातचीत से दोनों देशों को विदेश नीति, रक्षा और सुरक्षा से संबंधित द्विपक्षीय एजेंडे की व्यापक समीक्षा तथा महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार विमर्श का अवसर मिलेगा। दोनो देश परस्पर हित के मुद्दों के समाधान के लिये साथ मिलकर काम करने के उपायों पर भी विचार करेंगे।
डॉ. जयशंकर अमरीका के विदेश मंत्री के साथ अलग से भी मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच वैश्विक कार्यनीतिक भागीदारी को और गति देने के लिये उनका अमरीकी प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों से भी मिलने का भी कार्यक्रम है।