गर्मियां अपने यौवन पर हैं। गर्मी में तेज़ धूप मौसम की गर्मी और सूर्य की अल्ट्रा वायलट किरणों से त्वचा झुलस जाती है और त्वचा में कालापन आ जाता है। वातावरण में गर्मी, प्रदूषण, गर्म हवा, लू आदि से त्वचा की प्रकृतिक चमक खो जाती है और त्वचा बेजान, रूखी, काली हो जाती है। इसकी वजह से त्वचा पर काले मस्से, खाज-खुजली तथा त्वचा की रंगत खराब हो जाती है, लेकिन ऐसा कतई नहीं है कि गर्मियों में आप अपनी त्वचा को कोमल, मुलायम, नरम नहीं रख सकती। बल्कि अगर आप अपनी रसोई में रखी सामग्री का उपयोग करें तो गर्मियों में भी आपकी त्वचा निखरी और खिली-खिली रह सकती है। रसोई घर में रखे बादाम, हल्दी, दही, लस्सी, टमाटर, खीरा तथा फल-सब्ज़ियों का उपयोग करके आप गर्मियों में अपनी त्वचा की ताज़गी और आभा को बनाए रख सकती हैं।
खीरा त्वचा को कोशिकाओं में खिंचाव लाता है जिससे आप युवा दिखेंगी। हल्दी को प्रकृतिक एंटीसैपटिक और त्वचा को नर्म, मुलायम बनाए रखने में प्रयोग किया जाता है। टमाटर के प्रयोग से त्वचा की रंगत में निखार आता है तथा तैलीय त्वचा में आरामदेह साबित होता है। दही, छाछ तथा लस्सी के नियमित प्रयोग से त्वचा को पौषण प्रदान होता है तथा त्वचा मुलायम व कोमल बनी रहती है। इन उत्पादों के नियमित प्रयोग से त्वचा स्वास्थ्यवर्धक व युवा बनी रहती है।
रसोई घर में विद्यमान पीसे बादाम, चावल के आटे, जेई, अखरोट पाउडर को मास्क और स्क्रब में प्रयोग किया जा सकता है। जिससे त्वचा में निर्जीव कोशिकाओं को हटाकर त्वचा में ताज़गी तथा स्फूर्ति लाई जा सकती है। फ्रूट पैक त्वचा के निखार में काफी मददगार साबित होते हैं क्योंकि फलों में विद्यमान एसिड से त्वचा की रंगत में निखार आता है। फलों को दही या नींबू के साथ मिलाकर बने पैक ज्यादा लाभदायक तथा प्रभावी होते हैं। ऐलोवेरा के नियमित प्रयोग से भी त्वचा में नमी विद्यमान रहती है और रंगत में निखार आता है। आप घर पर रह कर ही निम्नलिखित तरीकों से अपनी त्वचा को कोमल व मुलायम बना सकती हैं।
केसर की कुछ पंखुड़ियों को गर्म दूध में मिलाकर दूध को सामान्य वातावरण में ठण्डा होने दें। इसके ठण्डा हो जाने के बाद कॉटनवूल की मदद से त्वचा पर लगाकर आधे घण्टे के बाद ताजे़ साफ पानी से धो डालें। इससे त्वचा की रंगत में निखार आएगा।