पर्यटन विकास से कई फायदे

Posted On:- 2022-04-08



हर राज्य में एक से बढ़कर एक धार्मिक,प्राकृतिक पर्यटन स्थल होते हैं।इससे राज्य को कई तरह से फायदा होता है। इनके विकास की ओर ध्यान देने से, पर्यटकों की सुविधा बढ़ाए जाने से लाखों लोग राज्य के पर्यटन स्थल घूमने आते है, इससे पर्यटक स्थल के आसपास विकास होता है। पर्यटकों के आने से राज्य के लोगों की तथा राज्य की आय बढ़ती है। जिस राज्य में जितने ज्यादा विकसित पर्यटक स्थल होते हैं, वहां उतने ही ज्यादा लोग आते हैं तथा उतनी ज्यादा आय होती है। इससे राज्य के आय का एक स्रोत बनता हैै तथा राज्य को हर साल एक नियमित आय होती है।छत्तीसगढ़ राज्य बने 20 साल हो गए हैं यहां इस दौरान प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास की ओर ध्यान दिया गया लेकिन उतना ध्यान धार्मिक तीर्थ स्थलों के विकास की ओर नहीं दिया गया। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भूपेश सरकार ने खासकर धार्मिक स्थलो को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की सराहनीय शुरुआत की है। सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ से जुड़े भगवान श्रीराम के वनगमन काल की स्मृतियों को सहेजने तथा संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राम वनगमन पर्यटन परिपथ परियोजना शुरू की है। इसके प्रथम चरण में 9 तीर्थो ंपर्यटन स्थल के रूप में तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। 139 करोड़ की इस परियोजना में कोरिया से लेकर सुकमा जिले तक भगवान श्रीराम के वनगमन काल के स्थलों का संरक्षण व विकास किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत चंदखुरी के बाद अब शिवरीनारायण में भी विकास कार्य पूरा हो गया है। इसका लोकर्पण सीएम भूपेश बघेल 10 अप्रैल को करेंगे। इससे पहले सीएम ने 7 अक्टूबर 2021 को चंदखुरी में माता कौशल्या मंदिर के सौंदर्यीकरण,जीर्णोध्दार का लोकार्पण किया था।रम वन गमन पर्यटन परिपथ के प्रथम चरण में सीतामढ़ी-हरचौका जिला कोरिया,रामगढ़ जिला सरगुज,शिवरीनारायण जिला जांजगीर-चांपा, तुरतुरिया जिला बलौदाबाजार,चंदखुरी जिला रायपुर,राजिम जिला गरियाबंद,सप्तऋषि आश्रम सिहावा जिला धमतरी,जगदलपुर और रामाराम जिला सुकमा को विकसित किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों का विकास हो जाने पर राज्य में बाहर से ज्यादा लोग घूमने आएंगे, इससे राज्य को पर्यटन से ज्यादा आय होगी, राज्य के लोगों को भी घूमने के लिए और ज्यादा स्थल मिलेंगे। इससे राज्य को आर्थिक फायदा होगा। पर्यटन स्थलों के विकास से राज्य सरकार आय का एक स्थायी स्रोत बनाना चाहती है। इसका एक मकसद इन धार्मिक स्थलों के विकास से सरकार राजनीतिक रूप से नुकसान से बचाना है। भाजपा कांग्रेस को अयोध्या के राम मंदिर, हिंदुत्व, मुसलमान तुष्टिीकरण के नाम पर दूसरे राज्यों में नुकसान पहुंचाती रही है। कांग्रेस नेताओं को हिदू विरोधी बताती रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा किसी तरह से कांग्रेस को राममंदिर, हिंदुत्व के मुद्दे पर किसी तरह क नुकसान न पहुंचा सके,इसके लिए भूपेश बघेल ने पूरी तैयारी की है। भाजपा उस भूपेश बघेल को कैसे राम विरोधी कहेगी जिन्होंने माता कौशल्या के मंदिर का जीर्णोध्दार कराया है। जिन्होने रामवन गमन परिपथ परियोजना के जरिए श्री राम के वनवास काल स्मृतियो को सहेजने का काम किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा अपने मैदान में भूपेश को लडऩे को मजबूर नहीं कर सकती। भूपेश बघेल की छबि खांटी हिंदू नेता की है। वह छत्तीसगढ़ के मंदिरों में जाकर अपनी हिंदू छबि को मजबूत करते रहते हैं। भूपेश भाजपा को किसान,आदिवासी,गरीबों गांवों के विकास के मुद्दे पर लडऩे को मजबूर करेंगे तथा यही उनकी दूसरी जीत का कारण होगा।