दन्तेवाड़ा (वीएनएस)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर निर्देशानुसार 7 अप्रैल को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के सचिव संजय कुमार सोनी ने ग्राम हारम (गीदम) में स्थित नर सेवा नारायण सेवा वृद्धाश्रम में सभी वृद्धजनों के लिए एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गीदम के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौतम भी अपनी टीम के साथ उपस्थित थे। उन्होंने सभी वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही मेडिकल टीम ने वहीं पर आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया। डॉ. गौतम ने सभी वृद्धजनों का आयुष्मान कार्ड बनाये जाने की भी पहल की। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक डी.आर. बघेल भी उपस्थित थे, जिन्होंने वृद्धजनों की सेवा का संकल्प लिया हैं। सभी वृद्धजनों का सत्कार किया गया और उनका हालचाल भी पूछा गया। वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित नेशनल हेल्पलाइन सेंटर-14567 का का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। वर्तमान में इस वृद्धाश्रम में कुल 7 वृद्धजन निवासरत हैं। संजय कुमार सोनी ने बताया है कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय समय पर आयोजित होते रहेंगे।