कोयलीबेड़ा को दिया जाएगा तहसील का दर्जा : भूपेश बघेल

Posted On:- 2022-04-08



रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री बघेल शुक्रवार को उत्तर बस्तर कांकेर जिले की अंतागढ़ तहसील के ग्राम आमाकड़ा में आयोजित झलमलको लया-लयोर गोटुल रच्चा उत्सव 2022 में शामिल हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का उत्सव में महुआ फूलों की माला पहनाकर तथा सिर पर मोर पंख और गमछा बांधकर परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर जिले के आमाकड़ा में क्षेत्र के विकास के लिए आज कई घोषणाएं की।

उन्होंने कहा कि कोयलीबेड़ा को तहसील का दर्जा दिया जायेगा और वहां जिला सहकारी बैंक की स्थापना की जायेगी। इसके अलावा अंतागढ़ विकासखण्ड के गांवों में 10 गोटुल और 10 देवगुड़ी का निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री बघेल ने घोषणा करते हुए कहा कि अंतागढ़ और पखांजूर के काॅलेजों में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू की जायेंगी। कोयलीबेड़ा में बालक छात्रावास, नागरबेड़ा में प्री-मेट्रिक छात्रावास और आमाकड़ा में बालक आश्रम शुरू किया जायेगा। कलेपरस हाई स्कूल का हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नयन किया जायेगा। बस्तर में स्थापित ’बादल’ की तरह कांकेर जिले में भी डांस, आर्ट और लिट्रेचर को बढ़ावा देने संगठन बनाया जायेगा। अंतागढ़ क्षेत्र के 14 युवाओं को कृषि एवं वनोपज के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों के अध्ययन के लिए इंडोनेशिया के अध्ययन दौरे पर भेजा जायेगा। अंतागढ़ में स्ट्रीट लाइट की स्थापना और सड़कों में डिवाइडर निर्माण कराया जायेगा।

इस दौरान बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, विधायक अनूप नाग, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी और राज्य योजना आयोग की सदस्य श्रीमती कांति नाग भी उत्सव में मौजूद थीं।