बीजापुर (वीएनएस)। विकासखंड बीजापुर के दुरस्थ व संवेदनशील ग्राम पंचायत मनकेली अर्न्तगत ग्राम पंगुर में पेयजल की समस्या संज्ञान में आते ही कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने त्वरित कायर्वाही करते हुए विभागीय अमला को तत्काल हैंडपंप उत्खनन के निर्देश दिए।
ज्ञातव्य है कि एक समाचार पत्र में 17 मार्च 2022 को प्रकाशित खबर के अनुसार ग्राम पंगुर में 50 से अधिक परिवार अपना प्यास बुझाने के लिए झिरिया के पानी पर निर्भर रहते हैं। उस गांव में कोई हैंडपंप नहीं हैं। कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा को इस बात की जानकारी मिलने पर विभागीय अमला को त्वरित हैंडपंप खनन के निर्देश दिये। निर्देश के परिपालन में ग्राम पंगुर के ओड़गलपारा, मेटापारा, सादुपारा में एक-एक हैंडपंप खनन कराया गया। जिससे ग्रामीणों के बीच हर्ष का वातावरण बना, कि अब हमें शुद्ध पेयजल मिलेगा। वतर्मान गर्मी का मौसम है, हमें पानी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। ग्रामीणों ने हैंडपंप खनन करने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।