जिले को मोतियाबिंद मुक्त बनाने चलाया जाएगा विशेष अभियान

Posted On:- 2022-04-08



कोण्डागांव (वीएनएस)। शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले की समस्त सीएचओ व आरएचओ केलिए एक दिवसीय मोतियाबिंद परीक्षण केलिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले को मोतियाबिंद की बीमारी से मुक्त करने हेतु चलाये जा रहे मोतियाबिंद मुक्त कोण्डागांव अभियान के लिए कायर्योजना तैयार कर आरएचओ व सीएचओ के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान करना है। यह विशेष अभियान जिले के समस्त विकासखण्डों में चलाया जाएगा। इसके लिए विकासखंडवार कायर्योजना तैयार की गई है। इस अवसर पर सभी आरएचओ, सेक्टर सुपरवाईजर व सीएचओ को मोतियाबिंद के मरीजों को दिखाकर लाइव जांच का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें उन्हें मरीजों की आंखों की जांच कर मोतियाबिंद की पहचान के तरीके बताये गये।

प्रशिक्षण में जिला अस्पताल की नेत्र सर्जन डॉ. कल्पना मीणा ने कहा कि जिले को मोतियाबिंद से मुक्त कराने के लिए ग्राम स्तर पर आरएचओ, सीएचओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व मितानिनों के माध्यम से 15 दिनों में सर्वे की ओर से मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान की जाएगी। इन चिन्हित मरीजों की जानकारी आरएचओ की ओर से विकासखंडों में नेत्र सहायक अधिकारियों को देते हुए उनकी जांच करवायी जाएगी। मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर मरीजों को जिला अस्पताल में उपचार केलिए रेफर किया जाएगा। जहां उच्च स्तरीय उपकरणों की ओर से मोतियाबिंद का नि:शुल्क आॅपरेशन कर मरीजों को दवाईयां भी नि:शुल्क प्रदान की जायेंगी।

मोतियाबिंद के मरीजों को जिला अस्पताल लाने होगी परिवहन की व्यवस्था : इस अवसर पर कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार कोण्डागांव को राज्य का पहला मोतियाबिंद मुक्त जिला बनाया जाना है। इसके लिए मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान आवश्यक है। मोतियाबिंद के चिन्हित मरीजों को जिला अस्पताल तक लाने केलिए जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क परिवहन की व्यवस्था की जाएगी। जो सेक्टरों से मरीजों को जिला अस्पताल पहुंचायेगी। इसके लिए 15 दिनों के भीतर सभी मोतियाबिंद के मरीजों की पहचान पूर्ण की जाएं। जिसके पश्चात उपचार के लिए ब्लॉकवार कायर्योजना पर कार्य करते हुए उपचार किये जाएंगे।

अब तक 1200 से अधिक मोतियाबिंद के मरीजों का हुआ उपचार : ज्ञात हो कि जिले की नेत्र रोग दल की ओर से सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर व अंधत्व निवारण नोडल डॉ. हरेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन में पिछले वित्तीय वर्ष में जिला अस्पताल के माध्यम से 1200 से अधिक लोगों के मोतियाबिंद का ईलाज किया गया है, साथ ही लगभग 8000 लोगों की नेत्र जांच कर उनका उपचार किया गया है। इनमें कई मरीज जन्मजात मोतियाबिंद तथा उच्च रक्तचाप व शुगर के भी मरीज थे जिनका सफलतापूर्वक उपचार किया गया है। आज वे सभी अपनी स्वस्थ आंखों के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।