
कोण्डागांव (वीएनएस)। शुक्रवार को कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा की ओर से फरसगांव विकासखंड के कुल्हाड़गांव व भंडारसिवनी गोेठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सर्वप्रथम वे कुल्हाड़गांव स्थित गोठान पहुंचे। जहां उन्होंने बाड़ी में सब्जी उत्पादन, बटेर पालन, कम्पोस्ट निर्माण व आजीविका गतिविधियों केलिए बनाये जा रहे शेडों के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें महिलाओं की ओर से कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों की सलाह पर गोठान में बायोफ्लॉक के माध्यम से मत्स्य उत्पादन यूनिट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि 10 हजार लीटर के टेंक में वैज्ञानिक विधि से 05 माह में पंकाज व तेलपिया मछलियों का उत्पादन कर 200 रुपए प्रति किग्रा की दर से 60 क्विंटल मछलियों का उत्पादन किया जा सकेगा। जिससे 1.2 लाख रुपयों की आय प्राप्त होगी। जिसपर कलेक्टर ने इस पहल की सराहना करते हुए जिले के सभी ऐसे गोठान जहां पानी की उपलब्धता है, वहां बायोफ्लॉक के माध्यम से मत्स्य उत्पादन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर उन्होंने बाड़ी में सही तकनीक से सब्जियों के उत्पादन न किये जाने पर स्थानीय आरएईओ को जल्द इसमें सुधार कराने के निर्देश दिये साथ ही निर्देशित किया कि अब से जिले के सभी गोठानों में स्थानीय विभागीय अधिकारी विभाग से संबंधित आजीविका गतिविधियों के लिए जिम्मेदार होंगे तथा सभी गोठानों के लिए एक-एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किये गये हैं। जो गोठान की सभी गतिविधियों केलिए जिम्मेदार होंगे। गोठानों की उत्पादकता में कमी आने पर नोडल अधिकारी की जवाबदेही होगी। इस दौरान उन्होंने गोठान में कृषि विज्ञान केन्द्र की ओर से सहयोग प्राप्त कर वैज्ञानिक विधि से फल, सब्जियों व मत्स्य उत्पादन केलए कहा। जहां गोठान समिति व कार्यरत तीनों समूहों की महिलाओं की ओर से कलेक्टर के समक्ष गोठान में पानी की अनुपलब्धता व विद्युत कनेक्शन के अभाव के संबंध में जानकारी दी गई। जिसपर उन्होंने तुरंत नलकूप खनन केलिए पीएचई विभाग व विद्युत कनेक्शन केलिए विद्युत विभाग को कायर्वाही हेतु निर्देश दिये।
इसके पश्चात वे भंडारसिवनी स्थित गोठान में पहुंचे। जहां गोठान की चार समूहों की ओर से बटेर पालन, मुर्गीपालन, मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था। जहां कलेक्टर की ओर से कृषि विभाग, पशुधन विभाग व कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारियों को संयुक्त रूप से गोठान में कार्यरत् महिलाओं को मशरूम उत्पादन, मत्स्यपालन, गौ पालन व बाड़ी विकास का प्रशिक्षण देकर गोठान की उत्पादकता बढ़ाने के निर्देश दिये। यहां ग्रामीणों व महिलाओं से चर्चा के दौरान ग्रामीणों की ओर से गोठान में बिजली व पानी की समस्या तथा गांव की अन्य समस्याओं से अवगत कराया। जिसपर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिये।
बिहान की ओर से मार्केट सर्वे व मांगपूर्ति केलिए दल का होगा गठन : अपने दौरे में कलेक्टर ने सभी गोठानों में उत्पादित सामग्रियों के विक्रय में आ रही समस्याओं को हल करने के लिए एनआरएलएम बिहान के सदस्यों की ओर से विशेष तकनीकी दल के गठन के लिए निर्देश दिये। यह दल गोठानों में उत्पादित सामग्रियों के लिए जिले के बाजारों तथा जिले के बाहर भी बाजारों की तलाश का कार्य करेंगे। इस दल का मुख्य कार्य उत्पादित सामग्रियों के लिए मांग उत्पन्न करना तथा उत्पादित मांग के अनुरूप आपूर्ति कराना होगा। जिससे गोठान समितियों को नुकसान से बचाया जा सकेगा तथा उत्पादों को अच्छा बाजार उपलब्ध होने से उचित दाम के साथ गोठान समूहों को नियमित भुगतान प्राप्त होने के साथ उन्हें प्रोत्साहन भी मिलेगा। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ सीमा ठाकुर, कायर्पालन अभियंता अरूण शर्मा, तकनीकी सहायक विरेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।