तालाबों में लार्वा भक्षी गम्बुजिया मछली का विमुक्तिकरण

Posted On:- 2022-04-08



डेंगु, मलेरिया मच्छरों से लड़ने के लिए ईको फ्रेण्डली तरीके को बढ़ावा

गरियाबंद (वीएनएस)। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत मलेरिया प्रभावित क्षेत्र या जिस गांव का एपीआई 10 से अधिक है। ऐसे ग्रामों के तालाबों में 6314 लार्वा भक्षी (गम्बुजिया) मछली का विमुक्तिकरण किया गया है। यह कहावत है कि एक मछली पूरे तालाब को गंदा कर देती है, लेकिन आज हम ठीक इसके विपरीत ऐसे मछली की बात कर रहे हैं, जो लोगों को मच्छरजनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकनगुनिया से बचाती है। गम्बुजिया मछली की खास बात यह है कि यह पानी में पनपने वाले मच्छरों के लार्वा को खाकर लोगों को मच्छरजनित रोग मलेरिया, डेंगु, चिकनगुनिया से बचाती है। स्वास्थ्य विभाग गरियाबंद डेंगु, मलेरिया मच्छरों से लड़ने के लिए ईको फ्रेण्डली तरीके को बढ़ावा दे रहा है।

उक्त जानकारी देते हुए सीएमएचओ डॉ एनआर नवरत्न ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही गांवों के तालाबों में या रूके हुये साफ पानी में पनपने वाले मच्छरों से बचाव केलिए लार्वा भक्षी मछली या गम्बुजिया मछली को तालाबों में छोड़ा गया है। सीमेंट की टंकी में गम्बुजिया मछली का पालन या संवर्धन किया जाता है। यह मछली 24 घंटे में 100 से 300 मच्छरों के लार्वा को खा सकती है। गम्बुजिया मछली को बढ़ने में 3 से 6 महिने का समय लगता है। यह मछली एक महिने में 50 से 200 अंडे दे सकती है और लगभग 4 से 5 साल तक जीवित रह सकती है।