एमएलसी चुनाव : 27 सीटों के लिए सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान...

Posted On:- 2022-04-09



लखनऊ (वीएनएस)। उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद की 36 में से 27 सीटों पर आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरु हो गया है। बता दें क‍ि 36 सीटों पर मतदान होना था, लेकिन नौ सीटों पर भाजपा के अलावा अन्य पार्टी के प्रत्याशी मैदान में नहीं हैं। इस कारण नौ सीटों पर भाजपा प्रत्‍याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। यूपी एमएलसी चुनाव का परिणाम 12 अप्रैल को आएगा।

गोरखपुर में मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने मतदान क‍िया। मतदान के बाद उन्‍होंने ट्वीट करते हुए कहा क‍ि, गोरखपुर में विकास, राष्ट्रवाद और अपराध मुक्त उत्तर प्रदेश के लिए मतदान। मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा क‍ि,लगभग 4 दशक के बाद एक सत्तारूढ़ दल विधान परिषद में बहुमत प्राप्त करेगा। उन्‍होंने कहा क‍ि एंटी भू माफि‍या टास्‍क फोर्स भू माफियाओं से कब्‍जा की गई जमीन वापस ले रहा है। हम अतिक्रमित भूमि पर गरीबों की झोंपड़ियों को तब तक नहीं गिराएंगे जब तक हम उनका पुनर्वास नहीं करते।

जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें कई सीटें ऐसी हैं जहां नामांकन से ठीक पहले प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले ल‍िया तो कहीं नामांकन करते समय हुई गलत‍ियां दूर करने के ल‍िए जब प्रत्‍याश‍ियों को बुलाया गया तो वो समय पर पहुंचे ही नहीं।

इसके चलते नौ सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। ज‍िनमें श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत मिर्जापुर-सोनभद्र, ओम प्रकाश सिंह मथुरा-एटा-मैनपुरी, आशीष यादव मथुरा-एटा-मैनपुरी, वागीश पाठक बदायूं, अशोक अग्रवाल हरदोई, अनूप गुप्ता लखीमपुर खीरी, जितेंद्र सिंह सेंगर बांदा-हमीरपुर, ऋषिपाल सिंह अलीगढ़, नरेन्द्र भाटी बुलंदशहर सीट शामिल है।