केंद्र की धान खरीद नीति के विरोध में 11 को दिल्ली में धरना देंगे तेलंगाना के नेता

Posted On:- 2022-04-09



हैदराबाद (वीएनएस)। केंद्र की धान खरीद नीति के खिलाफ तेलंगाना सरकार ने 11 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में धरना देने का फैसला लिया है। तेलंगाना सरकार द्वारा निर्वाचित सभी प्रतिनिधि, TRS दल के सांसद, MLCs, MLAs के अलावा शहरी व ग्रामीण निकायों के प्रतिनिधि भी इसमें हिस्सा लेंगे। यह जानकारी TRS दल की ओर से शनिवार को दी गई।

दिल्ली के तेलंगाना भवन में आयोजित होने वाला यह धरना एक दिन का होगा। इनका कहना है कि केंद्र की भेदभाव वाली इस नीति से 61 लाख किसान और उनके परिवार प्रभावित होंगे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री की बेटी व TRS MLC के कविता ने कहा कि केंद्र ने राज्यों के किसानों का ध्यान नहीं रखा इसलिए वे दिल्ली की सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। 24 मार्च को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तेलंगाना के किसानों को आश्वासन दिया था कि विभिन्न राज्यों के किसानों को लेकर किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि तेलंगाना के कुछ नेता किसानों को गुमराह कर रहे हैं। पिछले माह कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने TRS सरकार पर आरोप लगाया था कि वह तेलंगाना के किसानों से धान की खरीद को नजरअंदाज कर रही है। इसपर बेहद तीखी प्रतिक्रिया के साथ पलटवार करते हुए राज्य में सत्तारूढ़ TRS ने राहुल गांधी से कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए ट्विटर पर एकजुटता न दिखाएं और इस मुद्दे को संसद में उठाएं।