इस्लामाबाद/नई दिल्ली (वीएनएस)। पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान की कुर्सी का फैसला आज हो सकता है। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में इमरान सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज वोटिंग होगी। वोटिंग से पहले पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संसद का बाहरी इलाका सील कर दिया गया है और लोगों को भीड़ लगाने से मना किया गया है। पाकिस्तान में नेशनल असेंबली का कार्यवाही शुरू हो चुकी है। विपक्षी दलों के सभी सांसद तो सदन में पहुंच गए हैं, लेकिन इमरान खान और उनकी पार्टी से जुड़े सभी सांसद अभी तक नेशनल असेंबली में नहीं पहुंचे हैं। सदन की कार्यवाही फिलहाल स्पीकर ने 12.30 तक स्थगित कर दी है।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही शाहबाज शरीफ ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की तारीफ करते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग कराने की मांग की और स्पीकर से अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए कहा। शाहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब चुने हुए प्रधानमंत्री को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से बेदखल किया जा रहा है। इसके जवाब में स्पीकर ने कहा कि कोर्ट को फैसले के मुताबिक भी सदन की कार्यवाही होगी लेकिन मैं चाहता हूं कि पाकिस्तान सरकार को गिराने में विदेशी साजिश के सवाल पर भी सदन में बहस होनी चाहिए। इस बात पर विपक्षी नेता शाहबाज शरीफ सहित विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे।
इस बीच प्रमुख विपक्षी दल के नेता नेता और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि अब पाकिस्तान के पहले की तुलना काफी कुछ सही हो रहा है।
गौरतलब कि बीते कुछ दिनों से पाकिस्तान में राजनीतिक उठापटक जारी है। इमरान खान के खिलाफ जब अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था तो उन्होंने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली को भंग करने का फैसला कर लिया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट से उन्हें बड़ा झटका लगा था। कोर्ट ने संसद की कार्रवाई को गलत बताते हुए आदेश दिया था कि इमरान खान को अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ेगा।
पाकिस्तान नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान आज इमरान खान की हार की पूरी संभावना है। दरअसल पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी दलों को 342 सदस्यीय सदन में 172 सदस्यों की जरूरत होती है। विपक्षी दल पहले ही 172 से ज्यादा सांसदों का समर्थन दिखा चुके हैं। अब इमरान खान पाकिस्तान के इतिहास में पहले ऐसे प्रधानमंत्री हो सकते हैं, जिन्हें अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से बेदखल किया जा सकता है। पाकिस्तान के इतिहास में अभी तक किसी भी प्रधानमंत्री ने अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं किया है।