शेयर मार्केट में रकम दोगुना करने का झांसा देकर ठगी, 4 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

Posted On:- 2022-04-09



रायपुर (वीएनएस)। गंज रायपुर ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके पति कन्स्ट्रक्शन कार्य करते है। वर्ष 2020 में कोविड संक्रमण के दौरान प्रार्थिया के पति का कार्य बंद हो जाने से आर्थिक तंगी होने पर प्रार्थिया एवं उसके पति दोनों शेयर मार्केट जिरोधा में ट्रेडिंग का कार्य करने लगे। नवम्बर 2021 में प्रार्थिया के पति के मोबाइल फोन में मोबाईल नंबर 9893600238 से कॉल आया, जिसके धारक ने अपना नाम गौतम शाह निवासी भोपाल का होना बताकर संपर्क किया, जिसकी जानकारी प्रार्थिया के पति ने प्रार्थिया को भी दी।

जिस पर गौतम शाह से मोबाईल फोन से संपर्क करने पर उसके द्वारा स्वयं को भोपाल में शेयर मार्केट के बी.एस.ई. नामक ट्रेडिंग में काम करना बताया गया। गौतम शाह व उसके पति को अपने भरोसे में लेते हुए शेयर मार्केट के बी.एस.ई. में रूपये इन्वेस्ट करने व रकम को 25 दिनों में डबल करके रकम वापस करने का लालच दिया। जिस पर दोनों गौतम शाह के झांसे में आकर उसके द्वारा दिये गये केनरा बैंक खाता जिसका धारक राहुल मारू नामक व्यक्ति है। मोबाईल नंबर 8964810383 जिसका धारक अमित पटेल नामक व्यक्ति है।

खाता और मोबाईल नंबर में 5 जनवरी 2022 से 7 जनवरी 2022 तक अलग-अलग किश्तों में 5 लाख रूपये दिये। उसके बाद गौतम शाह ने बी.एस.ई. नामक पोर्टल में प्रार्थिया केे पति के नाम की आई.डी. व पासवर्ड दिया। उक्त पोर्टल में लॉगिन कर उसके द्वारा दिये गये आई.डी. एवं पासवर्ड डालकर पोर्टल में देखने पर उनके द्वारा इन्वेस्ट किये गये 5 लाख रूपये का प्रॉफिट 9 लाख 22 हजार 350 रूपये दिखाया।

इसी दौरान गौतम शाह ने फोन कर पुनः प्रॉफिट का लालच दिया और दोनों से 1 लाख 85 हजार रूपये जीएसटी और अन्य टैक्स देने की बात कहने लगा, जिससे दोनों गौतम शाह नामक व्यक्ति के झांसे में आकर 31 जनवरी को 1 लाख 35 हजार रूपये व 03 फरवरी को 50 हजार रूपये ऑनलाईन गौतम शाह के बैंक खाता में भेजे।

कुछ दिनों बाद गौतम शाह ने अन्य टैक्स व जीएसटी के नाम पर और पैसों की मांग की, जिस पर दोनों को स्वयं के साथ ठगी होने का अहसास हुआ। दोनों ने दिये गये रकम को वापस मांगने पर रकम वापस नहीं किया। इस प्रकार गौतम शाह और अन्य लोगों ने 6 लाख 85 हजार रूपये प्राप्त कर ठगी की।

मामले में पुलिस ने आरोपी आदित्य पटेल और अमित पटेल को पकड़ा। दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपने अन्य साथी शुभम तिवारी और राहुल मारू के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जिस पर घटना में संलिप्त आरोपी शुभम तिवारी उर्फ गौतम शाह एवं राहुल मारू को भी पकड़ा गया।

चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना से संबंधित 11 नग मोबाईल फोन, विभिन्न कंपनियों के 06 नग सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 10 नग एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा पेन कार्ड जप्त किया गया है। आरोपियों ने घटना के अतिरिक्त राजस्थान, पुणे, मुम्बई, कनार्टक सहित देश के अन्य कई राज्यों में लोगों को शेयर मार्केट में पैसा लगाकर डबल करने का झांसा देकर अपना शिकार बनाकर लाखों रूपये ठगी किया गया है।