धमतरी (वीएनएस)। कलेक्टर पी एस एल्मा ने मगरलोड पहुंच वहां एडीबी के तहत बनाई जाने वाली सडक़ में प्रगति न देख नाराजगी जताते हुए तहसीलदार और एडीबी के इंजीनियर को फटकार लगाई। उन्होंने तुरंत अतिक्रमणकारियों/ प्रतिकर प्राप्त लोगों से स्थल खाली करवाने, अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसका यह परिणाम रहा कि राजस्व, पुलिस के अमले ने तुरंत स्थल से अतिक्रमण हटाया। गौरतलब है कि कुरूद-मेघा-मगरलोड-अमलीडीह धौंराभाठा-खिसोरा से पांडुका तक 31.8 किलोमीटर एडीबी सडक़ बनाई जानी है। इसकी जि़ले में लंबाई 29 किलोमीटर से अधिक है।
कलेक्टर ने जब से जि़ले का प्रभार संभाला हैं वे जि़ले के एडीबी प्रोजेक्ट के तहत स्वीकृत सडक़ निर्माण कार्यों की निरंतर समीक्षा और क्षेत्र भ्रमण कर उसकी प्रगति का जायज़ा लेते आए हैं। लेकिन इस प्रोजेक्ट में प्रगति नहीं होने से नाराज़ आज वे खुद मगरलोड पहुंच गए और इस काम को जल्द शुरू करने के निर्देश भी एडीबी के एसडीओ को दिए। यह बताना लाजिमी है कि यह सडक़ बनाने के लिए यहां अतिक्रमणकारियों को एक साल पहले ही एडीबी की सहायता राशि दी जा चुकी है। लेकिन इसके बावजूद वे अतिक्रमण हटा नहीं रहे थे। लेकिन कलेक्टर एल्मा की पहल पर राजस्व, पुलिस के अमले से स्थल से अतिक्रमण हटाया गया ताकि सडक़ निर्माण का काम जल्द शुरू किया जा सके।