रायपुर (वीएनएस)। रायपुर के सेंट विंसेंट पैलोटी कॉलेज में 8 अप्रैल को सत्र- 2021-22 में नियमित अध्ययनरत 83 विद्यार्थियों को चार विभिन्न कैटेगिरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पैलोटी संस्था की ओर से छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक व हाउसिंग बोर्ड के चेयरमेन कुलदीप जुनेजा उपस्थित थे। इसके अलावा कार्यक्रम में पार्षद अमितेश भारद्वाज, महाविद्यालय एलुमनाई एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुबोध हरितवाल शामिल हुये। महाविद्यालय के निदेशक फादर शान्ति प्रकाश पन्ना, प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे, असिस्टेंट डायरेक्टर फ़ादर रोशन किंडो, उपप्राचार्य डॉ. पद्मा गौरी तथा समस्त विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक उपस्थित थे।
स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे ने महाविद्यालय की संक्षिप्त परिचय बताते हुए विगत वर्ष में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के एनसीसी, खेल, शिक्षा, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को पीपीटी के माध्यम से बताया। मुख्य अतिथि कुलदीप जुनेजा ने अपने उद्बोधन में महाविद्यालय की छात्रवृत्ति प्रदान करने की परंपरा को सराहते हुये महाविद्यालय की उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहन को जिम्मेदार माना। तथा छात्रों को कैरियर के लिए उपयोगी व्यवहारिक शिक्षा दिए जाने पर जोर दिया। इसके अलावा महाविद्यालय के कुछ भूतपूर्व छात्रों द्वारा भी वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाता है जिसमें राजीव मुंद्रा, आशीष ड्रोलिया, सुबोध हरितवाल, प्रकाश अग्रवाल, आशुतोष सिंह शामिल है।