छत्तीसगढ़ में कानून का राज, यहां कोई अपराधी बच नहीं सकता : सुरेन्द्र

Posted On:- 2022-04-09



रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में कानून का राज है, यहां कोई अपराधी बच नहीं सकता। भाजपा अपना जंगल राज याद करे जब छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं थी। आधे से ज्यादा छत्तीसगढ़ नक्सल हिंसा के हवाले करने के साथ ही झलियामारी जैसे कांड जिनके राज में हुए, वे कांग्रेस की सरकार में मजबूत कानून व्यवस्था पर उंगली उठाने की जुर्रत न करें। जनता ने तब जो भोगा है, वह भाजपा भले ही भूल जाये लेकिन जनता को सब याद है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने कानून व्यवस्था की बिगड़ी हुई स्थिति को तीन साल में इतना मजबूत कर दिया है कि बहुत कम समय में अपराधी कानून की गिरफ्त में होते हैं। जिस मासूम बच्चे को जलाने की दुर्भाग्यपूर्ण वारदात हुई है, उसका आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा के राज में अपराधी वारदात करके फरार हो जाते थे। वे पकड़े ही नहीं जाते थे।

उन्होंने ने कहा कि भाजपा के संरक्षण में माफिया संगठित अपराध कर रहे थे। एक सफेदपोश गिरोह घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी करके छत्तीसगढ़ को लूट रहा था तो इसी सफेदपोश गिरोह के आशीर्वाद से रेत से लेकर खेत माफिया, शराब से लेकर कोयला माफिया सहित तमाम माफियाओं के साथ चिटफंड माफिया और आपराधिक गिरोह सक्रिय थे।  जिनका सफाया भाजपा के सफाये के साथ ही हो चुका है। भाजपा को छत्तीसगढ़ में शांति और सुधरी हुई कानून व्यवस्था से कष्ट हो रहा है। भाजपा अपने पंद्रह साल के वर्षवार आपराधिक आंकड़ों का अध्ययन करे और उस जंगलराज के लिए प्रायश्चित करे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्त सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि भाजपा में जो अंतःकलह चल रही है, उसकी तरफ देखने की बजाय प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कांग्रेस के आंगन में झांक रहे हैं। यहां उनके लिए कुछ नहीं मिलने वाला। भाजपा इसी बीमारी के कारण चुनाव पर चुनाव हार रही है और अब खैरागढ़ में भी साबित हो जायेगा कि भाजपा कितना भी भ्रम फैलाने की कोशिश कर ले, भाजपा अब जनता का भरोसा नहीं जीत सकती। जनता उसके झांसे में आने वाली नहीं है।