शरण आने पर अक्षम्य अपराध भी क्षमा करते हैं श्रीराम : पं.संजीव मिश्रा

Posted On:- 2022-04-09



खरसिया (वीएनएस)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नवदुर्गा उत्सव महिला समिति ने श्रीराम कथा का भक्तिमय आयोजन हनुमान चौक पुरानी बस्ती में किया जा रहा है। मध्यप्रदेश से आये विद्वान कथावाचक पंडित संजीव मिश्रा ने प्रतिदिन भगवान श्रीराम के आदर्शों की भावपूर्ण व्याख्या की जा रही है।

जगजननी माँ दुर्गा के नवरात्रों में प्रकृति पुरुष श्रीराम के चरित्र का वर्णन सुनकर अंचल के भक्तगण भक्ति-रस-धारा में भाव-विभोर हो रहे हैं। वहीं सुमधुर संगीत और भजनों के साथ श्रीराम चरित और अधिक मनभावन हो रहा है। ऐसे में आदर्शों की प्रतिमूर्ति श्रीराम की कथा राम-भक्तों को भक्ति सागर में हिलोरे लेने पर विवश कर रही है।

पंडित संजीव मिश्रा ने बताया कि अक्षम्य अपराध करने के बाद भी यदि व्यक्ति प्रभु की शरण में जाता है, तो प्रभु के द्वारा उसे अभयदान जरूर मिलता है। प्रसंगवश बताया कि जगदम्बा सीता को कुदृष्टि से देखने वाले जयंत को भी भगवान श्रीराम ने शरण आने पर करुणावस सिर्फ एक नेत्रहीन विहीन कर जीवनदान दिया। वहीं जब जयंत ने पूछा कि प्रभु मैं आपकी शरण में आ चुका हूं तो फिर आपने मुझे दंड क्यों दिया? तब श्रीराम ने कहा कि मैंने तुम्हें दंड नहीं दिया वरन् तुम्हें समदृष्टि प्रदान की है, अब तक तुम दुनिया को दो रूपों में देखते थे, तुम्हारे मन में खोट था और अब पूरी सृष्टि को तुम एक नयन से देखोगे। अर्थात अब तुम जान पाओगे कि सब कुछ श्रीराम-मय ही है। 2 अप्रैल से प्रारंभ श्रीराम कथा का यह आयोजन 11 अप्रैल को पूर्ण होगा।