इस्लामाबाद/नई दिल्ली (वीएनएस)। पिछले कई दिनों से जारी सियासी उठापटक के बीच आखिरकार पाकिस्तान में इमरान खान अपनी कुर्सी नहीं बचा पाए। देर रात अविश्वास प्रस्ताव के दौरान जारी वोटिंग में सत्तारूढ़ पीटीआई के बाहर होने के बाद लगभग चीजें स्पष्ट हो चुकी थीं। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 174 वोट पड़े, जबकि इसके विरोध में एक भी वोट नहीं पड़ा। सूत्रों के अनुसार सोमवार को पाक नेशनल असेंबली नए प्रधानमंत्री का चुनाव करेगी।
पीएम आवास छोड़कर चले गए इमरान खान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सांसद फैसल जावेद खान ने ट्वीट कर कहा, "मैंने प्रधानमंत्री इमरान खान को पीएम आवास से विदाई दी। वे गर्व से बाहर गए और झुके नहीं। उन्होंने पूरे देश को उठाया। मुझे एक पाकिस्तानी के तौर पर गर्व है कि हमें इमरान जैसा नेता मिला। पाकिस्तान खान- इमरान खान।" बताया गया है कि इमरान खान फिलहाल बिन गाला स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए हैं। वे इससे पहले भी पीटीआई की कई बैठकों को अपने निजी आवास पर ही आयोजित कर चुके हैं। फिलहाल उनके साथ उनकी पत्नी बुशरा के भी जाने की बात सामने आई है।
सेना तैनात, बिना इजाजत मुल्क न छोड़ने की चेतावनी सरकार जाने के बाद रविवार सुबह इस्लामाबाद में सेना तैनात कर दी गई है। चेतावनी जारी की गई है कि, कोई भी नेता या अधिकारी बिना मंजूरी के मुल्क नहीं छोड़ सकेगा। सभी एयरपोर्ट को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
आज होगा नए प्रधानमंत्री के लिए नामांकन इमरान खान की सरकार गिरने के बाद विपक्ष को नया प्रधानमंत्री नामित करने के लिए रविवार को ही नामांकन पत्र दाखिल करना होगा। विपक्ष दोपहर दो बजे तक नामांकन दाखिल कर सकता है, इसकी जांच दोपहर तीन बजे की जाएगी। इसके बाद 11 अप्रैल को दोपहर दो बजे सदन में नए प्रधानमंत्री को लेकर फिर से बैठक होगी।
इमरान के करीबी के घर पर छापेमारी पाकिस्तान की सियासत में देर रात हुई उठापटक के बाद छापेमारी का दौर भी शुरू हो गया है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का आरोप है कि, आज सुबह इमरान खान का सोशल मीडिया देखने वाले अर्सलान खालिद के घर पर छापा मारा गया है।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज के नेता शाहबाज शरीफ देश के अगले प्रधानमंत्री हो सकते हैं। शनिवार आधी रात के बाद देश में बने नए राजनीतिक समीकरण के बाद उनके अगले प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने पिछले बुधवार को कहा था कि विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ जल्द ही देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। शनिवार की रात इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने के बाद शाहबाज शरीफ ने नेशनल असेंबली में बड़ा ही संतुलित भाषण दिया। इसमें उन्होंने देश में नई सरकार बनने की चर्चा की।
पाकिस्तान में आज एक नई सुबह की शुरुआत: शहबाज शरीफ पाकिस्तान नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने कहा कि आज एक नई सुबह शुरू होने वाली है, एक नया दिन आने वाला है। आज पाकिस्तान दुबारा कानून का पाकिस्तान बनना चाहता है। हम किसी के साथ नाइंसाफी नहीं करेंगे, बेकसूर लोगों को जेल में नहीं भेजेंगे। इंसाफ का बोलबाला होगा।
पुराने पाकिस्तान में आपका स्वागत है: बिलावल भुट्टो ज़रदारी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने कहा कि 'वेलकम बैक टू पुराना पाकिस्तान' (पुराने पाकिस्तान में आपका स्वागत है), मैं आज पाकिस्तान के नौजवानों को एक संदेश देना चाहूंगा कि वो अपने सपनों को कभी न छोड़ें क्योंकि कुछ भी असंभव नहीं है। जुल्म एक दिन मिटता जरूर है।
पाकिस्तान के इतिहास का काला दौर समाप्त हुआ: मरियम नवाज पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और पीएमल की डिप्टी अध्यक्ष मरियम नवाज ने इमरान खान की सरकार गिरने के बाद अपना पक्ष रखा। मरियम नवाज ने कहा कि पाकिस्तान के इतिहास का सबसे काला दौर समाप्त हो गया। उन्होंने इमरान खान पर तंज कसते हुए कहा कि वो अल्लाह से दुआ करती हैं कि वो इस मुश्किल वक्त में रास्ता दिखाए। इमरान खान ने पाकिस्तान का जो नुकसान किया है उससे पाकिस्तान को उबरने में मुश्किल होगी।
[web_stories_embed url="http://visionnewsservice.in/?web-story=%e0%a4%b8%e0%a4%bf%e0%a4%af%e0%a4%be%e0%a4%b8%e0%a5%80-%e0%a4%89%e0%a4%a0%e0%a4%be%e0%a4%aa%e0%a4%9f%e0%a4%95-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%ac%e0%a4%be%e0%a4%a6-%e0%a4%86%e0%a4%a7%e0%a5%80-%e0%a4%b0" title="सियासी उठापटक के बाद आधी रात को इमरान आउट, शाहबाज इन…" poster="http://visionnewsservice.in/wp-content/uploads/2022/04/cropped-imraan-shahbaaj-640x853.jpg" width="360" height="600" align="none"]