जिला बनाने की घोषणा मास्टरस्ट्रोक

Posted On:- 2022-04-10



भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के चुनाव जीतते रहे हैं। एक लोकसभा चुनाव को छोड़ दिया जाए तो उन्होंंने विधानसभा चुनाव के बाद पंचायत, नगरनिकाय से लेकर विधानसभा उपचुनाव में अपराजेय रहे हैं। भाजपा उन्हें एक भी चुनाव में हरा नहीं सकी है। खैरागढ़ विधानसभा सीट देवव्रत सिंह जोगी कांग्रेस के निधन से खाली हुआ है। इस सीट को कांग्रेस व भाजपा दोनों जीतना चाहती हैं। इस बात में दो मत नहीं है कि भाजपा ने खैरागढ़ उपचुनाव जीतने के लिए दूसरे उपचुनाव की तुलना में ज्यादा ताकत लगाई है। इसके लिए केंद्रीय मंत्रियों, मप्र के सीएम शिवराज चौहान को भी प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ भेेजा गया। सभी नेताओं ने यहां आकर खैरागड़ उपचुनाव मेंं माहौल तो अच्छा बनाया है। लेकिन उनके पास खैरागढ़ की जनता को खुश करने वाला कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा ने विकास कार्य कराए थे, पुरानी बात हो गई है। केंंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिलता है तो इसके लिए वह लोकसभा चुनाव मेें भाजपा को जिताती है। विधानसभा चुनाव में तो जनता स्थानीय मुद्दों पर ही वोट करती है। इस मामले में भाजपा के तमाम नेताओं पर भूपेश बघेल अकेले भारी पड़ गए हैं, वह भी खैरागढ़ के लोगों की बरसों पुरानी मांग खैरागढ़ को जिला बनाने का वादा करके। भाजपा के खिलाफ यह भूपेश बघेल का मास्टरस्ट्रोक है। इसकी कोई काट भाजपा के पास नहीं है। भूपेश बघेल की यह घोषणा करते ही कि कांग्रस जीतती है तो खैरागड़ को जिला बनाया जाएगा। लोगों ने यह मान लिया था कि भूपेश बघेल ने कांग्रस की जीत तय कर दी है। खैरागढ़ को जिला बनाने की मांग बरसों पुरानी मांग है। भाजपा के 15 साल के शासन काल के दौरान भी वहां के लोगों ने कई बार खैरागढ़ को जिला बनाने की मांग की। लेकिन भाजपा ने लोगों की मांग को गंभीरता से नहीं लिया। भूपेश बघेल अगर इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं तो कुछ गलत नहीं कर रहे हैं। यह रमन सिंह के प्रभावक्षेत्र में आने वाला विधानसभा क्षेत्र है, रमन सिंह चाहते तो इस क्षेत्र में भाजपा के प्रभाव को बढ़ाने के लिए खैरागढ़ को 15 साल के दौरान जिला बना सकते थे। उन्होंने जिला नहीं बनाया तथा भूपेैश बघेल ने जिला बनाने का वादा किया है तो स्वाभाविक है कि खैरागढ क्षेत्र की जनता कांग्रेस को ही जिताएगी। क्योंकि कांग्रेस को जिताने पर खैरागढ़ जिला बनेगा, यहां सभी जिले में होनेवाले सुविधाएं होंगी, क्षेत्र का विकास भी जिला बनने के बाद तेजी से होगा। चुनाव प्रचार के समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेता अगर खैरागढ़ उपचुनाव जीतने का दावा कर रहे है या राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत का यह कहना कि अगर कांग्रेस नहीं जीती को इस्तीफा दे दूंगा कोई गलत बात नहीं है।यह उनका विश्वास है, यह विश्वास गलत भी नहीं है। वैसे तो भाजपा भी खैरागढ़ में जीत का दावा कर रही है। उसका यह दावा विश्वास वाला नहीं है।यह औपचारिक वाला है, क्योंकि कोई भी दल रिजल्ट आने के पहले हार कहां मानता है।