खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 150 मतदान केंद्रों की निगरानी होगी

Posted On:- 2022-04-10



राजनांदगांव (वीएनएस)। कलेक्टर के मार्गदर्शन में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 खैरागढ़ उप निर्वाचन मतदान दिवस 12 अप्रैल को शांतिपूर्ण निष्पादन के लिए सभी मतदान केन्द्रों में सतत निगरानी, निरीक्षण और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केन्द्र बनाए गए है। जिनमें सतत चौकसी के लिए 150 मतदान केन्द्र मेंं लाईव वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कंट्रोल रूम बनाया गया है।

जहां वेबकास्टिंग के माध्यम से सीधा नियंत्रण रखा जाएगा। 50 मतदान केन्द्रों में केन्द्रीय शासन, केन्द्रीय उपक्रम के अधिकारियों, कर्मचारियों को माइक्रो आब्र्जवर के रूप में मतदान की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया है। मतदान केन्द्रों में सतत निरीक्षण व निगरानी की व्यवस्था की गई है। 91 मतदान केन्द्र में पीठासीन अधिकारियों को स्टिल कैमरा उपलब्ध कराया गया है। जिससे महत्वपूर्ण घटनाओं की वीडियोग्राफी कर सकेंगे। इससे यहां होने वाली सभी घटनाओं की जानकारी उपलब्ध होगी। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 155 संवेदनशील, अति संवदेनशील एवं राजनैतिक संवेदनशील मतदान केन्द्र है। जहां वेबकास्टिंग अथवा माइक्रो आब्जर्वरों के माध्यम से मतदान पर सतत निगरानी रखी जाएगी।