धमतरी (वीएनएस)। नगर निगम धमतरी की बजट बैठक की गंभीरता को ना समझकर मात्र औपचारिकता पूरी करने की शिकायत को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने राज्य सरकार के नगरीय निकाय प्रशासन के सचिव तथा संचालक से लिखित में शिकायत की है।
भाजपाई पार्षदों ने कहा कि शहर के आम नागरिकों, बुद्धिजीवियों तथा विपक्ष को विश्वास में लेकर शहर हित व जनहित को केंद्र बिंदु बनाकर बजट तैयार किया जाए। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा ने कहा कि बजट की गंभीरता को निगम प्रशासन जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता तथा अकर्मण्यता के कारण हल्के में ले रहा है जिसके कारण ही जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित हैं। ऐसे में मात्र प्रक्रिया का पालन किया जाना शहर और शहरवासियों के साथ अन्याय है। पार्षद श्यामा साहू ने आरोप लगाया कि लेखाअधिकारी के छुट्टी पर चले जाने से बजट को बनाने में एक चतुर्थ वर्ग के कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनका सहयोग एक प्लेसमेंट कर्मचारी ने दिया है। जो सदन की कार्रवाई में सीधे-सीधे भाग लेने का अधिकार भी नहीं रखते, यह दुर्भाग्यजनक है। पार्षद अज्जू देशलहरे ने सामान्य सभा की कार्रवाई में हुई गड़बड़ी पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सूत्र बता रहे हैं सफाई कर्मचारी द्वारा किया गया प्रोसिडिंग पारदर्शी कहां होगा।
उपरोक्त शिकायत करने वाले पार्षदों में पूर्व सभापति राजेन्द्र शर्मा, धनीराम सोनकर, बिशन निषाद ,दीपक गजेंद्र, श्यामलाल नेताम, प्रकाश सिन्हा, हेमंत बंजारे, विजय मोटवानी, अज्जू देशलहरे, मिथिलेश सिन्हा, ईश्वर सोनकर, प्राची सोनी, सरिता असाई, श्यामा साहू, सुशीला तिवारी, रश्मि त्रिवेदी, नीलू डागा, रितेश नेताम शामिल हैं।