ऑनलाइन चाकू मंगाने वाले 13 नाबालिग और उनके पालकों को दी चेतावनी

Posted On:- 2022-04-10



धमतरी (वीएनएस)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने, शांति व्यवस्था कायम रखने सभी चाकूबाजी की घटनाओं तथा ऑनलाइन चाकू मंगाने वालों पर पुलिस ने कड़ी नजर रखी है। ऑनलाइन चाकू, धारदार हथियार, आर्डर करने वाले ऐसे 13 नाबालिगों और उनके पालकों को सख्त चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी प्रशांत ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय जी.सी.पति के नेतृत्व में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चाकूबाजों, ऑनलाइन बटंची चाकू और धारदार हथियार मंगवाने वाले 13 नाबालिग और पालकों को बुलाकर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। जिसमें एक के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सरबजीत सिंह हीरा (जस्सी) पिता जसविंदर सिंह हीरा उम्र 21 वर्ष सिहावा चौक धमतरी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने आम्र्स  एक्ट के तहत कर्रवाई की।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन चाकू मंगवाने वालों की शिकायत मिल रही थी जिसमें अंकुश लगाने के लिए अब सख्त कार्रवाई की जायेगी। सायबर टीम प्रभारी भावेश गौतम को ऑनलाइन बटंची चाकू, धारदार हथियार मंगवाने वालों पर नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है। धमतरी जिले के सभी कोरियर संचालकों की मीटिंग लेकर सभी को इस संबंध में चेतावनी देकर दिशा निर्देश भी दिया गया है।

शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिये पुलिस कर रही प्रभावी कार्रवाई

शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे बदमाशों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक लगातार राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की मीटिंग लेकर ऐसे अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

धमतरी पुलिस ने लगातार थाना क्षेत्रों में बदमाशों तथा चाकूबाजी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सघन कार्यवाही अभियान चलाया जा रहा है। असामाजिक तत्वों, बदमाशों के उपर नजर रखने के लिए शहर में  सिविल कपड़ों में भी पुलिस बल तैनात किया जायेगा। ताकि किसी प्रकार का उपद्रव होने से रोका जा सके तथा उपद्रवियों के विरुद्ध पहले ही प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इसमें कोतवाली प्रभारी भुनेश्वर नाग की टीम ने सायबर प्रभारी भावेश गौतम और सायबर की टीम ने  संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।