सरगुजा कमिश्नर व आईजी ने लिया लाइब्रेरी, वृद्धाश्रम, कला केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा

Posted On:- 2022-04-10



सूरजपुर (वीएनएस)। सरगुजा कमिश्नर चुरेंद्र व सरगुजा आईजी अजय कुमार यादव ने तिलसिवा स्थित जिला लाइब्रेरी, वृद्धाश्रम व बड़कापारा में बनाए गए कला केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर जायजा लिया। उन्होंने जिला लाइब्रेरी में विभिन्न विषयों हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, फिजिक्स, केमिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस, जियोग्राफी, सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर, धार्मिक की पुस्तकें जो कि विभिन्न कैटेगरी में रखे गए हैं निरीक्षण किया। उन्होंने बुजुर्गों, दिव्यांगों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अलग-अलग बने रीडिंग कक्ष का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ राहुल देव, डीएफओ मनीष कश्यप, संयुक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, एसडीएम रवि सिंह, डीपीओ चंद्रबेस सिसोदिया, जिला मिशन समन्वयक शशिकांत सिंह सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

जिला लाइब्रेरी में सभी केटेगरी के बुक्स, बुजुर्गों व दिव्यांग जनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था रखी गई है। दिव्यांगों व बुजुर्गों के लिए कैरम, लूडो अन्य प्रकार की खेल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा प्रतियोगी परीक्षा तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गर्ल्स एवं बॉयस के लिए अलग-अलग रीडिंग रूम उपलब्ध कराई गई है। जिला लाइब्रेरी में मोटिवेशनल कक्ष, वर्चुअल आॅनलाइन क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिससे जिले के बिहारपुर सहित दूरदराज क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों को विभिन्न विषयों की विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध किए जाने की व्यवस्था है। ई लाइब्रेरी की सुविधा है जिससे बच्चे अपने आवश्यकता व जरूरत के आधार पर पाठ्य सामाग्री प्राप्त कर सकते हैं। लाइब्रेरी में शौचालय, पीने के लिए आरओ व गार्डन की भी व्यवस्था है।

सरगुजा कमिश्नर जी.आर. चुरेंद्र व सरगुजा आईजी अजय कुमार यादव ने तिलसिवा स्थित वृद्धजनों के लिए बनाए गए वृद्धा आश्रम का भी अवलोकन किया जहां उन्होंने वृद्ध जनों को बेहतर सुविधा देने के लिए बनाए गए मनोरंजन कक्ष, सर्वधर्म प्राथर्ना कक्ष, पुस्तकालय, अन्नपूर्णा कक्ष, बेड़ की व्यवस्था, पानी की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बड़कापारा में कला व संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बनाए गए कला केंद्र का भी जायजा लिया जहां उन्होंने ग्रीन रूम, इंस्ट्रुमेंटल रूम, वोकल रूम, ड्राइंग रूम, रिकॉर्डिंग रूम में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जिला प्रशासन की ओर से किए गए अभिनव पहल की सराहना की।