रायपुर (वीएनएस)। रामनगरी शिवरीनारायण में आयोजित मानस प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने श्री राम का स्मरण करते हुए कहा कि राम का नाम हमें शीतलता प्रदान करता है। उन्होंने शिवरीनारायण का जिक्र करते हुए कहा कि आदिकाल से धार्मिक, आध्यात्मिक और व्यापारिक केंद्र है शिवरीनारायण। यहां दो युगों का मिलन दिखता है। इस दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने गोस्वामी तुलसी दास का स्मरण करते हुए कहा कि रामायण की रचना अनेकों भाषा में हुई, लेकिन सबसे ज्यादा प्रचलित तुलसीकृत रामायण है।
सीएम बघेल ने कहा कि लोग पूछते हैं धार्मिक आयोजन क्यों करते हैं। छत्तीसगढ़ की पहचान खनिज और नक्सलियों के गढ़ के नाम पर होती है, लेकिन लोग ये नहीं जानते कि छत्तीसगढ़ के बिना किसी युग का उल्लेख नहीं हो सकता। भगवान राम को छत्तीसगढ़ के लोग प्रिय थे, उन्होंने सबसे ज्यादा समय यहां बिताया। श्री राम ने आदिवासियों से मित्रता की, शबरी माता के जूते बेर खाए। समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य भगवान राम ने किया। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जिस भगवान राम की तस्वीर देखते ही हृदय में शीतलता आती है, आज उन्ही भवान राम को युद्धक राम बना दिया गया है, हनुमान जी को क्रोधित दिखाया गया है।
रामायण मंडली से आह्वाहन करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि आप समाज को जोड़ने का काम करें। संत महात्मा का रास्ता भगवान का रास्ता है। भगवान राम, भगवान कृष्ण, जगद्गुरु शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद से लेकर जितने भी महापुरुष हुए हैं उन्होंने समाज को जोड़ने का काम किया है। जो रास्ता जो साधु संतों का है, वही रास्ता हमारा और आप सभी का रास्ता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 9 जगहों पर विकसित किया जा रहा राम वन गमन परिपथ। वहीं गौ-सेवा आयोग के अध्यक्ष की मांग पर सीएम बघेल ने शिवरीनारायण अनुभाग की घोषणा की।