रायपुर (वीएनएस)। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत रविवार को प्रात: 10 बजे से जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी एमजी रोड में स्व. लूनकरण पारख की प्रथम पुण्यतिथि पर वृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के आयोजित इस मेगा हेल्थ कैंप में 24 विभिन्न साध्य-असाध्य रोगों के लगभग 68 विशेषज्ञों की टीमों ने अपनी अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। लगभग 2100 से ज्यादा लोगों ने इस कैम्प का लाभ लिया। शिविर संचालन का दायित्व भारतीय जैन संघटना की रायपुर शाखा ने सम्हाला।
शिविर का शुभारंभ प्रमुख अतिथि विधायक कुलदीप जुनेजा और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा सहित महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेंद्र कोचर, महासचिव मनोज कोठारी, प्रमुख सलाहकार विजय चोपड़ा व कमल भंसाली ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक कुलदीप जुनेजा ने अपने उद्बोधन में भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक पर विभिन्न सेवा कार्यों को सराहा और इसी तरह मानव समाज के मध्य भगवान महावीर के दया-करुणा के संदेशों को प्रचारित करने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने स्व. लूनकरण पारख स्मृति में लूनकरण परिवार द्वारा इस जनहितकारी मेगा हेल्थ कैंप को स्तुत्य कार्य बताते हुए आज के समय में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित कराने की बात कही। महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर ने समिति द्वारा विगत वर्षों में हुए और वर्तमान में किए गए सेवा कार्यों का उल्लेख किया। जिसमें विशेष रूप से पिछले वर्ष जैन दादाबाड़ी में कोरोना काल के दौरान आक्सीजन कंसन्ट्रेटर व सिलेण्डर की सतत् चौबीसों घंटे दी गई सेवाओं के लिए सभी युवा सेवाभावियों का आभार व्यक्त किया। उद्घाटन कार्यक्रम को महोत्सव समिति के प्रमुख सलाहकार विजय चोपड़ा ने भी संबोधित किया व इस वर्ष 5 दिवसीय कार्यक्रम की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सरिता चौधरी ने व आभार प्रदर्शन पंकज चोपड़ा ने किया। मनोज कोठारी, डॉ. सुशील बैदमुथा के नेतृत्व में यह विशाल स्वास्थ्य शिविर संचालित किया गया। इस मौके पर भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष कोचर, महासचिव कोठारी सहित कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी, प्रमुख सलाहकार विजय चोपड़ा, कमल भंसाली आदि पदाधिकारियों समेत अन्य उपस्थित थे।