सनातन संस्कृति की वृहद व्याख्या है श्रीमद्भागवत : आचार्य विनोद पाठक

Posted On:- 2022-04-10



रायगढ़ (वीएनएस)। धर्म नगरी बिलासपुर के सकरी स्थित संबलपुरी निवास जागेश्वर कौशिक के निवास स्थान में बह रही भागवत मंदाकिनी के तीसरे दिन आचार्य ने ध्रुव चरित्र सुनाया। वहीं कहा कि श्रीमद् भागवत कथा भारतीय संस्कृति की वृहद व्याख्या है। उन्होंने कहा कि मनुष्य ही उत्तानपाद है, जीव की दो वृतियां ही उसकी दो पत्नियां सुरूचि एवं सुनीति हैं। सुरूचि के अनुसार पुत्र उत्तम तो होता है लेकिन माता-पिता का कल्याण करेगा इसमें संदेह है।

जबकि सुनीति के अनुसार यादि जीवन जिया जाय तो बालक ध्रुव की तरह निश्चय ही कल्याणकारी होता है ।आचार्य ने बताया कि भगवान के भक्तों को मृत्यु नहीं मारती , अपितु वह मृत्यु के मस्तक पर पैर रखकर भगवान के धाम की यात्रा करते हैं । इसीलिए भक्तध्रुव सीधे भगवान के धाम में गए।

जीवन में ऐसे मोड़ आते हैं, जिसका हमें अंदेशा भी नहीं होता है। हमें हर बुराई से लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य रूप में जन्म लेना सबसे बड़ी उपलब्धि है। और मानव जन्म की सच्ची सार्थकता तभी है जब परमात्मा से प्रेम हो।

धर्म गुरुओं की हो मान्यता : व्यासपीठ से आचार्य विनोद पाठक महाराज ने कहा कि इतिहास साक्षी है, राज्य सत्ता ने प्रारंभ से धर्म गुरूओं के निर्देश का पालन किया है। दशरथ ने विश्वामित्र एवं वशिष्ठ, जनक ने शतानंद एवं अष्टावक्र, नंद एवं वासुदेव ने शांडिल्य, गर्गाचार्य एवं संदीपनी के निर्देशों का पालन किया।

धर्मगुरुओं के दिशा-निर्देश पर चलने वाला राज्य सर्वत्र विजयी होता है । अतः धर्म का मार्ग बताने वालों को विशेष मान्यता मिलनी चाहिए। वहीं यज्ञाचार्य ने विशेष मंत्रोच्चारण कर कथा की सिद्धि की जा रही है और अमित राज रतनपुर ने संगीत के माध्यम से कथा में आनंदरस घोला जा रहा है ।