कृषि और पशुधन विकास विभाग की संचालक ने गौठान का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-04-11



कोण्डागांव (वीएनएस)। सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन के कृषि और पशुधन विकास विभाग की संचालक चंदन त्रिपाठी और उप सचिव तुलिका प्रजापति ने केशकाल विकासखण्ड के मुरनार ग्राम में स्थित आदर्श गोठान का निरीक्षण किया। इस दौरान संचालक ने गोठान की महिला समूहों से चर्चा करते हुए गोठान में गतिविधियों के सफल संचालन के लिए सराहना करते हुए उनका प्रोत्साहन भी किया गया। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं से गोठान में संचालित गतिविधियों को बढ़ाने और पारम्परिक कार्यों के अलावा अन्य आजीविकापरक गतिविधियों को भी प्रारंभ करने के सुझाव दिये।

इस दौरान संचालक और उप सचिव ने गोठान की गतिविधियों से संबंधित एनआरएलएम बिहान, पशुधन विभाग, कृषि विभाग के अधिकारियों को महिलाओं को प्रशिक्षण देकर निरंतर गोठान का अवलोकन करने और गोठानों से बनने वाली सामग्रियों के लिए बाजार की तलाश कर उनके विपणन में भी सहायता करने के निर्देश दिये। संचालक ने गोठान में मुर्गीपालन और सूकर पालन के लिए की गई व्यवस्थाओं और टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जाहिर करते हुए गोठान में हर पशु के टीकाकरण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने डेयरी के माध्यम से महिलाओं को लगातार मिल रही आय पर खुशी जाहिर करते हुए डेयरी उत्पादों के प्रसंस्करण के लिए भी महिलाओं को प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं शिशिरकांत पाण्डेय ने संचालक और उप सचिव को जिले में टीकाकरण की स्थिति के संबंध में जानकारी देते हुए पशु सखियों ने जिले के पशुओं के टीकाकरण में सहयोग और उपलब्धियों को बताते हुए उन्हें पशु सखियों से मिलाया। जिसपर उप सचिव ने पशु सखियों के कार्यों की भी सराहना की गई। मौके पर समूह की महिलाएं और पशु विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।