महापौर गौठान दिवस के कार्यक्रम में हुए शामिल

Posted On:- 2022-04-11



रायपुर (वीएनएस)।  छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी के तहत विगत 4 अप्रैल से 16 अप्रैल तक गौठानवार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में नगर पालिक निगम रायपुर के पत्र 1 अप्रैल के परिपालन में  11 अप्रैल को एसएलआरएम सेंटर रामनगर कोटा रोड रायपुर में गौठान दिवस का आयोजन किया गया। आयोजन में पहुंचकर नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने रामनगर एसएलआरएम सेंटर की प्रशासनिक व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन कर नगर निगम जोन क्रमांक 7 के जोन अध्यक्ष मनीराम साहू, पार्षद अमर बंसल, प्रकाश जगत, निगम अपर आयुक्त सुनील चंद्रवंशी, पूर्व पार्षद डॉक्टर भागवत साहू, ब्लॉक अध्यक्ष देव कुमार साहू, एसएलआरएम सेंटर रामनगर की संचालनकर्ता माँ पद्मावती स्वसहायता समूह की अध्यक्ष लता साहू, उपाध्यक्ष नंतरी साहू, सचिव अनिता पटेल सहित समूह की सदस्य महिलाओं की उपस्थिति में नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 7 के प्रभारी जोन कमिश्नर रघुमणि प्रधान और जोन सहायक राजस्व अधिकारी अमरनाथ साहू को स्थल पर एसएलआरएम सेंटर रामनगर की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त कर जनहित की दृष्टि से आवश्यक निर्देश दिये।

इस गौठान दिवस के माध्यम से उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट खाद का प्रदर्शन कार्यरत महिला स्व- सहायता समूह और गोबर विक्रेताओं से चर्चा और खाद विक्रय, अन्य उत्पाद बनाने और साथ ही गौठान को मल्टी एक्टिविटी सेंटर के रूप में विकसित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। शासन की मंशानुसार गौठान दिवस कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को जानकारी दी गयी कि विगत 20 जुलाई 2020 से अब तक रामनगर एसएलआरएम सेंटर में 10 लाख 75209 किलोग्राम गोबर क्रय किया गया है।

इसके एवज में गोधन विक्रेताओं को अब तक 21 लाख 47642 रूपये का भुगतान किया गया है। सेंटर में अब तक वर्मी कम्पोस्ट खाद का उत्पादन 39550 किलोग्राम किया गया है, जिसमें अब तक 34975 किलोग्राम वर्मी कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया जा चुका है। अब तक एसएलआरएम सेंटर रामनगर में सुपर कम्पोस्ट खाद का उत्पादन 2 लाख 94330 किलोग्राम किया गया है, जिसमें से अब तक सेंटर से 2 लाख 48872 किलोग्राम सुपर कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया जा चुका है।

अब तक रामनगर एसएलआरएम सेंटर में गोबर से निर्मित 78984 नग कंडे एवं दिये उत्पादित और शत- प्रतिशत मात्रा में उत्पादित कंडे और दिये विक्रय किये जा चुके हैं। एसएलआरएम सेंटर रामनगर को 20 जुलाई 2020 से लेकर अब तक उत्पादित कम्पोस्ट खाद, सुपर कम्पोस्ट खाद, गोबर के कड़े, दिये का विक्रय करने से कुल 17 लाख 31957 रूपये की राशि प्राप्त हुई है।