जुलूस के भीड़ में संबलपुर के युवक की चाकू मारकर हत्या

Posted On:- 2022-04-11



धमतरी (वीएनएस)। रामनवमी जुलूस के दौरान चमेली चौक के पास भीड़ में संबलपुर के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कोतवाली पुलिस अज्ञात आरोपियों की  तलाश में जुट गई है। आखिर युवक की हत्या क्यों की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। एसपी प्रशांत ठाकुर ने कहा कि शीघ्र ही आरोपी पकड़े जायेंगे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम संबलपुर निवासी सोनू नेताम 20 वर्ष पिता सुकालूराम सुकमा के राइस मिल में काम करता था। अपना जन्मदिन मनाने और बहन की डिलीवरी के बाद मिलने पहुंचा था। रविवार को उसका जन्मदिन भी था। दोस्तों के साथ वह रामनवमी का जुलूस देखने आया था। इसी दौरान चमेली चौक के पास खून से लथपथ पाया गया। जिसे बाइक में उठाकर जिला अस्पताल लाया गया। सोनू की इलाज के दौरान थोड़ी देर में मौत हो गई।

चमेली चौक के पास की घटना

सूत्रों की मानें तो दो लोगों का सर फट गया था। दोनों घायल चमेली चौक की तरफ गए और वहां से अपने साथियों को लेकर आए और इस बीच उन लोगों ने सोनू के साथ घटना को अंजाम दिया। इस दौरान भीड़ भी साथ में चल रही थी और सामने ही धुमाल भी बज रहा था। जिन दोस्तों के साथ आया था उसे पुलिस ने पूछताछ के लिए थाना में बिठा कर रखा है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है क्योंकि युवक पिछले 2 वर्षों से सुकमा में रहा करता था और शनिवार को ही वह संबलपुर आया था। इस बीच यह भी जानकारी मिल रही है कि मकेश्वर वार्ड में कुछ घटना हुई थी जिसके तार इस युवक के साथ जुड़ सकते हैं। आखिर इतनी भीड़ में आरोपियों ने ऐसी वारदात को कैसे अंजाम दिया? यह भी बड़ा सवाल है। करीबन 11:30 बजे रात में जब घायल युवक चमेली चौक में क्लीनिक के सीढ़ी पर खून से लथपथ था तो वहीं दोस्तों ने उसे उठाकर बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां लगभग 20 मिनट इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। युवक के मोबाइल का भी अब तक पता नहीं चल पाया है। कोतवाली थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग ने बताया कि चाकूबाजी में सोनू नेताम की मौत हुई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है। यह घटना रविवार रात्रि लगभग 11:45 बजे की है।