रामनवमी पर छाया अभूतपूर्व उत्साह, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Posted On:- 2022-04-11



खरसिया (वीएनएस)। धर्म की धुरी मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अवतरण दिवस पर पूरा अंचल राममय हो गया। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से ही रामभक्तों में उत्साह देखा जा रहा था। वहीं श्रीराम नवमी के शुभ पर्व पर शोभायात्रा में उमड़े जनसैलाब ने पूरे अंचल को राममय कर दिया।

इस रामनवमी में पहली बार ऐसा लगा कि पूरा देश राम के रंग में रंग गया है। नगर ही नहीं हर जगह रामनवमी की तैयारियां पहले से की जा रही थीं। जिस हर्षोल्लास के साथ भक्तों ने अपने आराध्य रामजी के जन्मोत्सव का आनंद इस बार लिया है, ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया। जगह-जगह जलपान की व्यवस्था के साथ जुलूस का स्वागत किया जा रहा था। क्या बच्चे क्या बूढ़े क्या महिला क्या पुरुष, सभी उत्साह से झूम-झूम कर नाच रहे थे, गा रहे थे, श्रीराम के जयघोष के साथ खुशियां मना रहे थे।

भगवा ध्वज से सजा था शहर

रामनवमी के पूर्व ही पूरे शहर को भगवा ध्वज से सजा दिया गया। वहीं सभी धर्म जाति के लोगों ने श्रीराम नवमी पर्व में अपनी सहभागिता निभाई, जो खुशी का विषय है। हर किसी ने श्रद्धानुसार शोभायात्रा का सत्कार किया। शोभायात्रा तेलीकोट स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई और मनोरम झांकियों के साथ पूरे शहर में देर रात तक भ्रमण करते हुए शहर के हृदय स्थल पर स्थित श्रराम जानकी मंदिर पहुंची, जहां भंडारे-प्रसाद के साथ श्रीराम भक्तों का सम्मान किया गया।