मोदी-बाइडेन के बीच महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा...

Posted On:- 2022-04-11



नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ एक बैठक कर रहे हैं। वर्चुअल माध्‍यम से हुई यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब रूस और यूक्रेन के बीच भीषण लड़ाई हो रही है। यही नहीं समूचा वर्ल्‍ड आर्डर बदलाव की ओर अग्रसर है जिसके चलते कूटनीतिक पहलकदमियों की अहमियत बढ़ गई है। बैठक के दौरान अमेरिकी राष्‍ट्रपति बाइडन ने कहा कि यूक्रेन के लोग जो भीषण हमले का शिकार हो रहे हैं उनके लिए भारत की ओर से पहुंचाई गई मानवीय सहायता का मैं स्वागत करता हूं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि दुनिया के दो सबसे बड़े और पुराने लोकतंत्रों के रूप में हम नैसर्गिक पार्टनर हैं। बीते कुछ वर्षों में भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय रिश्‍तों में जो प्रगति हुई है... जो नया संवेग बना है एक दशक पहले उसकी कल्पना करना मुश्किल था। पिछले साल सिंतबर में जब मैं अमेरिका आया था तब बाइडन ने कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच की दोस्‍ती ढेर सारी वैश्विक समस्याओं का समाधान खोजने में मददगार हो सकती है। मैं बाइडन की इस बात से पूरी तरह सहमत हूं...

अमेरिका के रक्षा मंत्री लायड आस्टिन ने भरोसा दिया है कि चीनी आक्रामकता के खिलाफ अ‍मेरिका भारत की हर संभव मदद करेगा। यूक्रेन संकट के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री की ओर से दिया गया यह बयान बेहत अहम माना जा रहा है।

इस दौरान पीएम मोदी ने बाइडन से कहा कि यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब यूक्रेन में हालात चिंता का विषय बने हुए हैं। कुछ सप्ताह पहले लगभग 20 हजार भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए थे, इनमें से अधिकांश युवा छात्र थे।

बाइडन ने पीएम मोदी से कहा कि मैं आज आपसे वर्चुअल मुलाकात करके प्रसन्नता का अनुभव कर रहा हूं। हम कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के दौरान वैश्विक चुनौतियों को लेकर समान चिंताएं प्रकट कर चुके हैं।

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को लेकर बाइडन ने कहा कि मैंने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से कई बार फोन पर बात की है। मैंने न केवल दोनों से शांति के लिए अपील की है बल्कि पुतिन को यह सुझाव भी दिया है कि वह यूक्रेनी राष्ट्रपति के साथ सीधे वार्ता करें। हमारी संसद में भी यूक्रेन को लेकर गहन चर्चा हुई है।

भारत और अमेरिका के बीच रक्षा भागीदारी को लेकर बाइडन ने कहा कि हमारी भागीदारी का मुख्य हिस्सा हमारे लोगों और हमारे साझा मूल्यों के बीच गहरे संबंध हैं। मैं यूक्रेन के लेगों के लिए भारत की और से भेजी गई मानवीय मदद का स्वागत करता हूं।

वहीं, बूचा नरसंहार को लेकर बाइडन ने कहा कि इस शहर में सामने आई मासूम नागरिकों की हत्या के समाचार बहुत चिंताजनक हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

उधर, पेंटागन में अमेरिका रक्षा मंत्री लॉयड जे ऑस्टिन ने कहा कि भारत और अमेरिका अब हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक दूसरे के साथ समन्वय कर रहे हैं। हम भारत के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं इस बात पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं कि कैसे हम अपनी भागीदारी को और मजबूत कर सकते हैं।

विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया था कि दोनों नेता दक्षिण एशिया, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और वैश्विक मुद्दों पर चल रहे द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे और विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। वर्चुअल बैठक दोनों पक्षों को द्विपक्षीय समग्र वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से अपने नियमित और उच्चस्तरीय जुड़ाव को बनाए रखने में सक्षम बनाएगी। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक वाशिंगटन में होने वाली भारत-अमेरिका 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता से पहले हुई। इस टू प्लस टू वार्ता का नेतृत्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन कर रहे हैं।

यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के बीच 'टू प्लस टू' की मंत्रिस्तरीय वार्ता भी हो रही है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाशिंगटन में मौजूद हैं। व्‍हाइट हाउस की प्रवक्‍ता जेन साकी का कहना है कि जो बाइडन प्रधानमंत्री मोदी से रूसी आक्रमण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की गुजारिश करेंगे। यानी जाहिर है इस बैठक में यूक्रेन युद्ध का मसला भी उठ सकता है। सनद रहे कि रूस और अमेरिका दोनों ही भारत को अपने पाले में करने की लगातार कोशिशें कर रहे हैं।

पांच साल की लगातार कोशिशों के बाद भारत और अमेरिका स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस (SSA) मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर करेंगे। यदि यह समझौता होता है तो यह दोनों देशों के बीच एक बड़ी डील होगी। इसके तहत खतरे की स्थिति में दोनों देश उपग्रहों और अन्य संपत्तियों पर आंकड़ों का आदान प्रदान करेंगे।