नेतृत्व की क्षमता पर उठाया सवाल

Posted On:- 2022-04-12



राजनीतिक दल का नेतृत्व जैसा होता है, वैसी ही पार्टी हो जाती है। वैसे ही पार्टी के नेता हो जाते हैं। वैसी उनकी बयानबाजी हो जाती है। भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस निरंतर आक्रामक बनी हुई है। भूपेश बघेल आक्रामक हैं,वह फ्रंट फुट खेलते हैं। इसलिए कांग्रेस नेता भी आक्रामक बने रहते हैं, उनकी बयानबाजी में जो उत्साह व आक्रामकता दिखती है,वह भाजपा नेताओं बयान में नजर नहीं आती है। यहां का भाजपा संगठन केंद्रीय नेताओं को यहां बुलाता है तो उसे बताना चाहिए कि किस मुद्दे पर क्या बोलना चाहिए। प्रहलाद पटेल ने यहां जो बयान दिया। उसके लिए उन्हें दूसरे दिन सफाई देनी पड़ी.। मैंने तो ऐसा कुछ नहीं कहा है।जब केंद्रीय मंत्री ने बयान दिया तो भाजपा संगठन का काम होना चाहिए कि वह साबित करे कि उन्होंने जो कहा है,सच कहा है। भाजपा नेता ऐसा नहीं कर सके,कांग्रेस नेताओं ने अपने बयानों से साबित किया कि प्रहलाद पटेल ने जो कुछ कहा गलत कहा है। नाराज कांग्रेस नेताओं ने तो उनका पुतला दहन भी कर दिया और भाजपा नेता समर्थन तक में कुछ न कह सके। कांग्रेस यहीं नहीं रुकी वह भूपेश बघेल के नेतृत्व में खैरागढ़ चुनाव को लेकर निरंतर आक्रामक बनी हुई है। भाजपा नेताओं के नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठा दिया गया है। इसके जरिए यहां की जनता तथा भाजपा के दिल्ली के नेताओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की जो हार हुई हेै उसके लिए छत्तीसगढ़ प्रभारी व पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह दोषी है। भूपेश बघेल ने रमन सिंह की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाने के लिए कहा है कि मुख्यमंत्री रहते रमन सिंह खैरागढ़ के लिए कुछ नहीं किया। इसका मतलब तो यही निकाला जा सकता है कि रमन सिंह ने खैरागढ़ में कुछ नहीं किया इसलिए भाजपा हार गई। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजाप प्रदेश प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पुरंदेश्वरी ने हार मान ली इसलिए खैरागढ़ नही आई। उन्हें पता था कि यहां से भाजपा हार रही है, वह जाएंगी तो भाजपा की हार के लिए उन्हें भी दोषी माना जाएगा। वह खैरागढ़ इसलिए नहीं गई कि हार के लिए उन नेताओं को दोषी ठहाराया जा सके जो वहां प्रचार के लिए गए थे, चुनाव प्रचार का काम देख रहे थे। भूपेश बघेल व मोहन मरकाम ने भाजपा नेताओं की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाकर दिल्ली के भाजपा नेताओं को यह संदेश दिया है कि छत्तीसगढ़ में ऐसा कोई भाजपा नेता नहीं है जो कांग्रेस को यहां उपचुनाव तक में हरा सके। यह भूपेश बघेल की ऐसी रणनीति है जिसका कोई जवाब भाजपा नेताओं के पास नहीं है। विपक्ष के रूप में भाजपा को भूपेश बघेल को नाकाम, असफल,फेल नेता साबित करना है, भाजपा ऐसा कर नहीं पा रही है और भूपेश बघेल उनकी टीम भाजपा का नाकाम,असफल,नाकारा बताने में सफल हो रही है। जब तक भाजपा अपने नेताओं में भूपेश बघेल स्तर की आक्रामकता पैदा नहीं करेगी,वह भूपश बघेल को जवाब नहीं दे पाएगी। हर चुनाव हारती रहेगी।