पुलिस युवक की हत्या की जांच कर आरोपियों को करें गिरफ्तार: भाजपा

Posted On:- 2022-04-12



धमतरी (वीएनएस)। जिला धीरे-धीरे नशे का बड़ा गढ़ बनते जा रहा है। नशे के उन्माद में असामाजिक और शरारती तत्व ऑनलाइन बटनची मंगाकर निर्दोष लोगों पर धौंस जमाने से बाज नहीं आ रहे हैं। जो कोई इनका विरोध करता है उन्हें या तो यह जख्मी कर देते हैं या फिर जान तक ले लेते हैं। भाजपा का कहना है कि रविवार को संबलपुर के एक युवक की हत्या ने छत्तीसगढ़ सरकार और धमतरी पुलिस प्रशासन की उदासीनता को उजागर किया है। नशे के कारोबार और आए दिन की हत्याओं पर रोक लगाने और जल्द जांच कर कार्यवाही करने की अपील जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि परिवार के नेतृत्व में धमतरी एसपी प्रशांत ठाकुर से ज्ञापन प्रस्तुत कर की है।

भाजपा का कहना है कि अब धमतरी सुरक्षित नहीं रहा। लोग अपनी महिलाओं और बच्चों को शाम को बाजार या चौपाटी भेजने में डरने लगे हैं। वजह एकमात्र यह है कि छत्तीसगढ़ सरकार अंधाधुंध शराब बिक्री में मस्त है। नशे के कारोबार अब कुछ एक दवा दुकानों से भी संचालित होने लगे हैं। इस पर ऑनलाइन बटनची के फैशन ने आम लोगों का जीना दूभर कर दिया है। कब कौन नशेड़ी अचानक उलझ जाएं। विरोध करने पर ताबड़तोड़ हमला कर जान ले ले, कुछ नहीं कहा जा सकता। रविवार को ग्राम संबलपुर के एक युवक की हुई हत्या की वजह पुरानी रंजिश नहीं थी, बल्कि इस हत्या के पीछे का कारण केवल सरकार की उदासीनता और नशे के कारोबार पर अंकुश नहीं लगा पाना है। पुलिस प्रशासन भी बटंचीबाजों के आगे नतमस्तक नजर आता है।

कुछ लोगों पर कार्यवाही कर खानापूर्ति कर ली जाती है जबकि धमतरी शहर में सैकड़ों असामाजिक तत्व लोगों को चाकू की नोक पर डराते मिल जाते हैं। सट्टा और जुएं का कारोबार भी नशे और चाकूबाजी से जुड़ा नजर आता है। बावजूद इसके इन अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई फिसड्डी साबित हो रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार के नेतृत्व में जिला भाजपा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को हुई हत्या की जांच की मांग के साथ सट्टा जुआ और नशे के कारोबार के साथ ऑनलाइन बटनची  मंगाने पर रोक लगाने की गुहार की है। जिला मीडिया प्रभारी तल्लीनपुरी गोस्वामी ने बताया कि सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा।

जिसमें मुख्य रुप से भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार, जिला भाजपा उपाध्यक्ष अरविंदर मुंडी, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष चेतनप्रकाश हिंदूजा, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष बीथिका विश्वास, नगर मंडल अध्यक्ष विजय साहू, पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा, अखिलेश सोनकर हेमंत बंजारे, शिवदत्त उपाध्याय, रोहिताश मिश्रा, जय हिंदुजा, दीपक गजेंद्र बिशन निषाद, धनीराम सोनकर, हेमंत चंद्राकर, अजय देशलहरे, प्राची सोनी, श्यामा साहू, सरिता असाई, नीलू डागा ,पवन गजपाल, गुड्डा रजक, आकाश गुप्ता, आनंद मेश्राम, ईश्वर सोनकर, रितेश नेताम, भरत त्रिवेदी सहित भाजपा के कार्यकर्ता, पार्षद उपस्थित थे।