एक दिन में 102 फ्लाइट का संचालन कर श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने रचा इतिहास

Posted On:- 2022-04-12



जम्मू (वीएनएस)। श्रीनगर एयरपोर्ट ने एक नया इतिहास रच डाला है। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में रिकार्ड संख्या में एक दिन में 102 फ्लाइट का संचालन हुआ है और इसमें 15,200 यात्रियों ने सफर कर 11 अप्रैल को इतिहास का सबसे व्यस्त दिन बना दिया है।

श्रीनगर एयरपोर्ट में तैनात एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के एक अधिकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को श्रीनगर एयरपोर्ट में कुल 102 फ्लाइट का संचालन हुआ। इसमें 7305 यात्रियों के साथ 51 आगमन उड़ानों और 7894 यात्रियों के साथ 51 प्रस्थान उड़ानों के साथ 15,199 यात्रियों को संभाला है।

यहां यह बता दें कि 28 मार्च को श्रीनगर एयरपोर्ट से 90 फ्लाइट का संचालन हुआ था। तब अधिकारियों ने उस दिन को आज तक का सबसे यादगार क्षण करार दिया था। उस समय 7824 यात्रियों के साथ 45 आगमन उड़ानें और 7190 यात्रियाो के साथ 45 प्रस्थान उड़ानों को श्रीनगर एयरपोर्ट ने संभाला था।

इस समय श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में यात्रियों की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे को विकसित किया जा रहा है। हेल्प डेस्क बनाने का काम तेजी से जारी है और नई इमारत भी जल्द ही यात्रियों को समर्पित कर दी जाएगी। नई इमारत के बन जाने से अधिक से अधिक यात्रियों को एयरपोर्ट में आसानी से संभाला जा सकेगा। चूंकि इस समय कश्मीर में हर ओर पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारी पूरे जी-जान से सुविधाओं के विस्तार में जुटे हैं।