नई दिल्ली (वीएनएस)। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने 12 अप्रैल 2022 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली से सीआईटीआई-सीडीआरए स्वर्ण जयंती समारोह का शुभारंभ किया। कंफ्रेडेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (सीआईटीआई) देश में कपड़ा क्षेत्र का एक प्रमुख उद्योग संघ है। कपास विकास और अनुसंधान संघ (सीडीआरए) सीआईटीआई की एक विस्तार शाखा है, जो कपास क्षेत्र में विभिन्न बीज विकास और विस्तार गतिविधियों का संचालन करती है।
श्री नायडु ने भारत में कपास की उपज और उत्पादकता को बेहतर बनाने के लिए ठोस उपाय करने का आह्वान किया। दुनिया के अन्य प्रमुख कपास उत्पादकों की तुलना में भारत में कपास की कम उपज के बारे में उन्होंने चिंता व्यक्त की। श्री नायडु ने कहा कि श्रेष्ठ प्रक्रियाओं को अपनाकर बेहतर अनुसंधान के माध्यम से किसानों का मार्गदर्शन करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
देश में कृषि के बाद दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता कपड़ा क्षेत्र है। इसको बढ़ावा देने के लिए उपराष्ट्रपति ने कहा कि कृषि उत्पादकता को बेहतर बनाएं, मशीनीकरण बढ़ाएं और श्रमिकों के कौशल में बढ़ोतरी करें। उन्होंने छोटी फर्मों को संभालने पर जोर दिया। श्री नायडु ने विशेष कपास किस्मों जैसे एक्स्ट्रा-लॉन्ग स्टेपल (ईएलएस) कपास और जैविक कपास में विविधता लाने का भी सुझाव दिया।
दुनिया में सबसे बड़ा कपास उत्पादक देश भारत है। यहां 23 प्रतिशत क्षेत्र में कपास का उत्पादन होता है। कपास उत्पादन में सबसे अधिक (विश्व क्षेत्र का 39 प्रतिशत) रकबा भारत में है। इसके बावजूद भारत में प्रति हेक्टेयर उपज 460 किलोग्राम लिंट प्रति हेक्टेयर से भी कम रही है। इसके विपरीत विश्व में औसतन उपज 800 किलोग्राम लिंट प्रति हेक्टेयर है। इसके समाधान के लिए उपराष्ट्रपति ने रोपण घनत्व बेहतर बनाने, कपास की खेती का मशीनीकरण करने और सस्य विज्ञान (एग्रोनमी) अनुसंधान पर जोर देने का आह्वान किया।
प्रौद्योगिकी मिशन के लाभों को स्मरण करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक उन्नयन प्रारूप में मिशन को नवीनीकृत करने की जरूरत है। हमें अपनी बीज प्रौद्योगिकी को बेहतर बनाने, उपज बढ़ाने, वैश्विक श्रेष्ठ प्रक्रियाओं को अपनाने, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाली कपास का उत्पादन करने तथा किसानों की आय को बेहतर बनाने के लिए कपास को बेहतर ब्रांड बनाने की आवश्यकता है।
उत्कृष्ट कपास वैज्ञानिकों और किसानों को इस मौके पर पुरस्कार प्रदान किया गया। उपराष्टपति ने कॉफी टेबल बुक मिलेनियल शेड्स ऑफ कॉटन का भी विमोचन किया। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सीआईटीआई के अध्यक्ष टी. राजकुमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।