महावीर का शाश्वत संदेश यही है कि स्वयं को खोजे : ममोल कोचेटा

Posted On:- 2022-04-13



अंबिकापुर (वीएनएस)।  सदियों पहले भगवान महावीर जन्मे, सत्य की तलाश में राज वैभव को त्याग कर सन्यस्त हो गए। कठिन तप किया, वीतरागता तक पहुंचकर अपने जीये गए सच को भाषा दी। देश, काल की सीमाओं से निर्बनध वहीं अर्हत वाणी आज मनुष्य जीवन के विकास का सेतु बंध बनी हुई है हम उस युग पुरुष को प्रणाम करते है। मन में अनगिनत प्रश्नों का कोलाहल है। महावीर ने जो उपदेश दिया है हम उस जीवन के आचरण में नहीं उतार पाए। मानवीय मूल्यों के प्रति निष्ठा आस्था और कमजोर क्यों पड़ी? धर्म की व्याख्या में हम अपना मत ,स्वार्थ,और विश्वास क्यों जोड़ दिया?

इन सारे प्रश्नों का उत्तर हम स्वयं ही है। मिथ्या सोच जीवन के गलत अर्थ है। भगवान ने अहिंसा का दर्शन दिया पर हम अपने स्वार्थ के वशीभूत होकर प्रकृति,पदार्थ,प्रनिसुर पर्यावरण को ही नकार दिया। महावीर ने अनेकांत दर्शन दिया हम अपने वैयक्तिक विचारो के आग्रह में बंधकर रह गए। महावीर भगवान ने अपरिग्रह का जीवन सूत्र दिया, हम अपने वैभव की दीवारों को ऊंचा करने में जीवन खपा दिए।भगवान ने आसम्प्रदायिक अखंड धर्म की व्याख्या दी हमने उसे जाति,संप्रदाय,पंथो में विभक्त कर दिया।भगवान ने अभय और मैत्री का पाठ पढ़ाया हम प्रतिशोध को ही सुरक्षा कवच समझ बैठे। सच है जहां धर्म मुख्य था वहां संप्रदाय मुख्य धर्म गौण हो गया।धर्म में राजनीति प्रवेश कर गई।और राजनीति धर्म शून्य हो गई।परिणाम सामने है।

रेत में बिखर कर सूखते जलकणों की तरह महावीर दर्शन को हमने पढ़ा ,सुना,समझा।तब भला सही मायने में चरित्र निर्माण कैसे होता। मेरा सवाल तो आज भी वही है कोई व्यक्ति बुराई के रास्ते पर चलकर रातो रात करोड़पति बन जाता है एक ईमानदार व्यक्ति जीवन भर संघर्ष करता है। पुण्य कदम कदम चलता है। पाप भागता है।

महावीर जन्म से महावीर नहीं थे। उन्होंने जीवन भर अनगिनत संघर्षों को झेला,कष्ट सहे, दुःख में सुख खोजा और कृत कर्मो का भुगतान कर सत्य तक पहुंचे। कोई भी महापुरुष हमारे लिए वंदनीय तब बनता है जब वह आम जिंदगी से हटकर ऐसा जीवन जीता है कि वह जैसा सोचता है वैसा कहता है और जैसा कहता है वैसा करता है। चिंतन निर्णय और क्रियान्विति के बीच दूरी नहीं होती।

साधना की गहराई में उतरकर आत्मचेतना के तल पर सत्य को पाया था।धर्म का शाश्वत संदेश यही है कि स्वयं को खोजे। भगवान की जन्म जयंती पर हम अपने मूल स्वभाव में स्थित बने।सामयिक जीवन मूल्यों को जीने का प्रयास करे।इस तथ्य पर विश्वास कर चले कि मै ही मेरा कर्त्ता ,भोक्ता, संहर्ता हूं। मेरे सिवा मेरा कोई शत्रु नहीं कोई मित्र नहीं। महावीर बनने की तैयारी का सही तरीका है सही दिशा में जागरूकता के साथ प्रस्थान और संकल्प के साथ पुरुषार्थ।