रायपुर (वीएनएस)। सकल जैन समाज गुरुवार, 14 अप्रैल को पूरे देशभर में अहिंसा अवतार भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक मनाएगा। इस पुनीत प्रसंग पर राजधानी रायपुर में भगवान महावीर के अहिंसा, दया-करुणा के संदेशों को जन-जन में प्रसारित करने प्रात: 7.30 बजे दिगम्बर जैन मंदिर मालवीय रोड से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हिंसा पीड़ित समाज को आज महावीर की है आवश्यता और वर्तमान को वर्धमान की है आवश्यता जैसे नारों के साथ यह शोभायात्रा ऋषभदेव जैन श्वेताम्बर मंदिर सदरबाजार, सत्तीबाजार, तात्यापारा, बढ़ईपारा, रामसागरपारा, गुरुनानक चौक होते हुए जैन दादाबाड़ी एमजी रोड पहुंचेगी। इस पावन प्रसंग पर जैन दादाबाड़ी में प्रात: 9 बजे से भगवान महावीर पंच कल्याणक पूजा एवं प्रात: 10.30 से साधर्मिक वाल्सल्य का आयोजन होगा। साथ ही रात्रि 8 बजे से विमल महिला मंडल रायपुर द्वारा दादाबाड़ी में वीर भक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसके मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे।
भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व महासचिव मनोज कोठारी ने बताया कि इस महानुष्ठान के अंतर्गत रात्रि 11.36 बजे से प्रभु वीर के जन्मकल्याणक पर नृत्य नाटिका की प्रस्तुति और रात्रि ठीक 12.36 को 2621 दीपों से महाआरती श्रद्धालु व दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा। महोत्सव के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व प्रमुख सलाहकार विजय चोपड़ा कमल भंसाली ने सकल जैन समाज से आज गुरुवार को अपने समस्त प्रतिष्ठान बंद रखकर भगवान महावीर के जन्म कल्याणक कार्यक्रमों में सम्मिलित होने का अनुरोध किया है।