वंचित वर्ग के बच्चों के लिए स्कूल शूज वितरण सेवा शुरू

Posted On:- 2022-04-13



रायपुर (वीएनएस)। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति-2022 ने सेवा प्रकल्प के अंतर्गत बुधवार को इस गर्मी के मौसम से बच्चों के पैरों की सुरक्षा के पुनीत उद्देश्य से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के स्कूली बच्चों के लिए उनके यूनिफार्म के अनुरूप स्कूल शूज वितरण सेवा प्रारंभ की है। महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेंद्र कोचर, महासचिव मनोज कोठारी ने बताया कि इस महती सेवा की शुरुआत बुधवार को वर्धमान स्कूल संतोषीनगर से हुई। जहां समिति के अध्यक्ष महेंद्र कोचर,प्रमुख सलाहकार विजय चोपड़ा, कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी, महावीर कोचर आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर अध्यक्ष कोचर ने कहा कि भगवान महावीर के करुणा एवं वात्सल्य से प्रेरित होकर इस तपती दुपहरी में बच्चे आर्थिक अक्षमता के कारण यूनिफार्म के साथ स्कूल शूज न पहन पाएं, ऐसा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए भगवान महावीर के जन्म कल्याणक की पूर्व संध्या पर महोत्सव समिति ने ऐसे 500 से अधिक बच्चों को चिन्हित कर यह सेवा प्रकल्प शुरू किया है। इसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग स्कूलों में जाकर स्कूल शूज वितरण किया जाएगा। इसी कड़ी में प्रमुख सलाहकार विजय चोपड़ा ने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने भगवान महावीर के जन्म कल्याणक अवसर पर इस महती सेवा की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सेवा उन बच्चों के लिए लाभदायी होगी जो स्कूल शूज न होने की वजह से संकोच वश स्कूल भी नहीं जा पाते। इससे उनकी यह समस्या दूर होगी और वे हर दिन स्कूल जा पाएंगे।

इसके अलावा 15 अप्रैल को आदिश्वर जैन स्कूल में बच्चों को स्कूल शूज का वितरण होगा। इसी क्रम में 16 को सिटीजन स्कूल में, 18 अप्रैल को वर्धमान स्कूल कमासीपारा में, 19 को छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा सप्रे स्कूल प्रांगण में संचालित मूक-बधिर शाला के बच्चों को स्कूल शूज का वितरण किया जाएगा। इस सेवा से लाभान्वित करने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कुल पांच सौ ज्यादा स्कूली बच्चों को चिन्हित कर लिया गया है। गर्मी के दिनों में बच्चों को कोई तकलीफ न हो और वे हंसी-खुशी स्कूल पहुंच सकें इस सोद्देश्य से यह सेवा प्रकल्प प्रारंभ किया गया है।

मानव सेवा कार्यक्रमों की कड़ी में बुधवार को प्रात: 10.30 बजे से श्रीसुधर्म जैन महिला मंडल द्वार प्रभा मालू, सरला गोलछा व सदस्यों ने माना कैम्प स्थित वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों को भोजन कराया।