नई दिल्ली (वीएनएस)। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने कुष्ठ रोग का जल्द पता लगाने, इसके उचित उपचार के लिए समान पहुंच और एकीकृत कुष्ठ सेवाओं के लिए गहन प्रयास करने का आह्वाहन किया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति निवास में चंडीगढ़ के डॉ. भूषण कुमार और गुजरात के सहयोग कुष्ठ यज्ञ ट्रस्ट को कुष्ठ रोग-2021 के लिए अंतरराष्ट्रीय गांधी पुरस्कार प्रदान किया। इस वार्षिक पुरस्कार को गांधी मेमोरियल लेप्रोसी फाउंडेशन ने शुरू किया था।
उपराष्ट्रपति ने यह सम्मान प्राप्त करने वालों के प्रयासों की सराहना की। श्री नायडु ने कहा, डॉ. भूषण कुमार और सहयोग कुष्ठ यज्ञ ट्रस्ट, दोनों ही कुष्ठ रोग के बारे में जागरूकता बढ़ाने व इससे पीड़ित लोगों की देखभाल करने के लिए तत्परतापूर्वक से काम कर रहे हैं। वे इससे जुड़े लांछन को भी दूर करने का प्रयास करते रहे हैं। उनके प्रयास सही मायने में प्रशंसनीय हैं।
उपराष्ट्रपति ने लोगों और नागरिक समाज संगठनों से कुष्ठ उन्मूलन अभियान में शामिल होने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस नेक काम के समर्थन में सामाजिक एकजुटता होनी चाहिए। श्री नायडु ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि ग्राम सभा अपने कार्यक्रमों में कुष्ठ उन्मूलन को शामिल करें।
उपराष्ट्रपति ने कुष्ठ रोग के खिलाफ भारत की निरंतर संघर्ष का उल्लेख किया। श्री नायडु ने कहा कि भारत ने कुष्ठ उन्मूलन के स्तर को सफलतापूर्वक पूरा किया है, जिसे प्रति दस हजार जनसंख्या पर एक से कम मामले के रूप में परिभाषित किया गया है।
उन्होंने इस तथ्य पर अपनी चिंता व्यक्त की कि भारत, विश्व में सबसे अधिक कुष्ठ मामलों की रिपोर्ट कर रहा है। श्री नायडु ने कहा कि वैश्विक स्तर पर (2020-2021) इसके नए मामलों में भारत की हिस्सेदारी 51 फीसदी है। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम (एनएलईपी) इसके खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहा है और पूर्ण उन्मूलन सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है।
श्री नायडु ने कुष्ठ रोग से पीड़ित लोगों के झेले गए सामाजिक बहिष्कार को समाप्त करने की दिशा में महात्मा गांधी के योगदान को याद किया। उपराष्ट्रपति ने कहा, महात्मा गांधीजी की कुष्ठ रोगियों के लिए करुणा अपने लोगों के प्रति अनुकरणीय दयालुता का एक ऊंचा उदाहरण है। गांधीजी ने आमतौर पर व्यक्तिगत रूप से कुष्ठ रोगियों की देखभाल करके एक ऐसे युग में उदाहरण को समाने रखा, जब इस रोग के बारे में अज्ञानता हावी थी।
गांधीजी का हवाला देते हुए श्री नायडु ने कहा, कुष्ठ रोग के लिए काम केवल चिकित्सा राहत नहीं है, यह जीवन में निराशा को समर्पण के आनंद में और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का निस्वार्थ सेवा में रूपांतरण है। अगर आप किसी रोगी का जीवन बदल सकते हैं या उसके जीवन मूल्यों को बदल सकते हैं, तो आप गांव और देश को बदल सकते हैं।
इस कार्यक्रम में गांधी मेमोरियल लेप्रोसी फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरूभाई मेहता, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में उप महानिदेशक (लेप्रोसी) डॉ. अनिल कुमार, कुष्ठ रोग के लिए अंतरराष्ट्रीय गांधी पुरस्कार के समन्वयक डॉ. बीएस गर्ग और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।