'त्रिशलानंदन वीर की जय बोलो महावीर की' : शोभायात्रा में गूंजे स्वर

Posted On:- 2022-04-14



रायपुर (वीएनएस)। सकल जैन समाज ने गुरुवार की सुबह अहिंसा अवतार भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक के पावन प्रसंग पर भव्य शोभायात्रा निकाली। सुबह ठीक 8 बजे यह शोभायात्रा दिगम्बर जैन मंदिर मालवीय रोड से प्रारंभ हुई, जो ऋषभदेव जैन श्वेताम्बर मंदिर सदरबाजार से सत्तीबाजार, तात्यापारा, बढ़ईपारा, रामसागरपारा, गुरुनानक चौक होते हुए जैन दादाबाड़ी एमजी रोड पहुंची। ‘वर्तमान को वर्धमान की आवश्यकता है..., हिंसा पीड़ित विश्व राह महावीर की तकता है..., त्रिशलानंदन वीर की जय बोलो महावीर की... और शुभ संदेश जीयो और जीने दो’ के उद्घोषों शोभायात्रा का संपूर्ण मार्ग गुंजायमान हो उठा।

पंचवर्णीय जैन धर्मध्वजाओं से आच्छादित इस शोभायात्रा में सर्वप्रथम स्वर्ण-रजत रथ पर भगवान महावीर की मनोहारी प्रतिमा विराजमान थी, विभिन्न स्थानों पर जैन अनुयायियों द्वारा वंदन-अभिनंदन किया जा रहा था। साथ ही नगरवासियों के लिए इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहा प्रभु महावीर की जय-जयकार के साथ पंक्तिबद्ध हो चले रहे श्वेत वस्त्रधारी पुरुष और केसरिया परिधान में महिला श्रद्धालुजन। शोभायात्रा में राजेश मूणत, महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर, मुख्य सलाहकार विजय चोपड़ा व कमल भंसाली, महासचिव मनोज कोठारी, कोषाध्यक्ष गुलाब दस्सानी, ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया व कार्यकारी अध्यक्ष अभय भंसाली, देवकुमार जैन, चंद्रेश शाह, दीपक दोशी, भानु, संजय नायक व जैन समाज सहित श्रावक-श्राविकाएं सम्मिलित रहे।

इस अवसर पर जैन दादाबाड़ी में प्रात: 9 बजे से भगवान महावीर स्वामी की पंच कल्याणक पूजा प्रारंभ हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने शामिल होकर पुण्यार्जन किया। पूजन उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने साधर्मिक वाल्सल्य का लाभ प्राप्त किया।

वहीं प्रात: 10 बजे से कुशल भक्त मंडल व महावीर युवा शक्ति मंच के संचालकत्व में दादाबाड़ी परिसर में रक्तदान शिविर संचालित किया गया। शिविर में 150 यूनिट रक्तदान किया गया। इसके बाद प्रात: 10.30 से अपरान्ह 3 बजे तक महावीर युवा शक्ति मंच ने गर्मी में पक्षियों की रक्षा के लिए मिट्टी के सकोरे व दाना का नि:शुल्क वितरण किया।

मुख्यमंत्री बघेल के मुख्य आतिथ्य में आरंभ हुई वीर भक्ति गीत प्रतियोगिता भगवान महावीर के जन्म कल्याणक प्रसंग पर रात्रि ठीक 8 बजे जैन दादाबाड़ी एमजी रोड के प्रांगण में वीर भक्ति गीत प्रतियोगिता आरंभ हुई, जिसके शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि रूप में सम्मिलित हुए। इस समाचार के लिखे जाने तक शहर व आसपास के विभिन्न जैन भक्ति मंडलों द्वारा अपनी सुरमयी-संगीतमयी भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों का क्रम चल रहा था।

रात्रि में 2621 दीप ज्योतियों से प्रभु वीर की महाआरती भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेन्द्र कोचर व महासचिव मनोज कोठारी ने रात्रिकालीन कार्यक्रमों की जानकारी देते बताया कि रात्रि 11.36 बजे से प्रभु वीर के जन्मकल्याणक पर नृत्य नाटिका की मनोहारी प्रस्तुति दी जायेगी। वहीं रात्रि ठीक 12.36 को श्रावक-श्राविका जनसमूह प्रभु महावीर की 2621 दीपों से महाआरती करेंगे।