स्कूलों के 24 कोरोना वारियर्स शिक्षक सम्मानित

Posted On:- 2022-04-14



रायपुर (वीएनएस)। राजधानी के ख्यातलब्ध स्कूलों में से एक बालाजी स्कूल देवेंद्रनगर में कोरोना वारियर्स अध्यापकों का सम्मान समारोह रखा गया ।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आइएएस डॉ. आलोक शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।  जबकि अध्यक्षता आंध्रा एसोसिएशन तथा स्कूल समिति के अध्यक्ष जी.स्वामी ने की।

कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्जवलन से हुई तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत व सम्मान स्कूल समिति के अध्यक्ष जी.स्वामी, सचिव के एस आचार्य, उपाध्यक्ष टी श्रीनिवासराव, संयुक्त सचिव वाय सी राव, एम श्रीनिवास राव, डी अनंता, पी अमित नायडू, बी वी एस राजकुमार, बी रोहित इत्यादि ने किया।  तत्पश्चात स्कूल विदयार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। इसके बाद 24 से अधिक शिक्षक—शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। उन्हें शाल, श्रीफल और नारियल देकर अभिनंदन किया गया। लगभग एक दर्जन से अधिक स्कूलों के शिक्षकों का चयन किया गया था जिन्होंने कोरोनाकाल में भी समाजसेवा की या विदयार्थियों को नि:शुल्क आनलाइन पढ़ाया। बालाजी स्कूल की प्राचार्य डॉ.फेन्नी को विशिष्ट सेवाओं के लिए एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार भी दिया गया। सम्मानित शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव आइएएस डॉ. आलोक शुक्ला ने कहा कि मैं बचपन में एक शिक्षक के सामने बोलने में हिचकिचाता था मगर यहां तो कई शिक्षक मौजूद हैं। उन्होंने सभी को अपनी शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अनिल द्विवेदी थे।  उन्होंने कहा कि सा विद्या या विमुक्तये अर्थात हमें ऐसी शिक्षा देनी है जो मनुष्य को सभी बंधनों से मुक्त कर सके।  उन्होंने सभी शिक्षकों को उनकी सेवाओं के लिए साधुवाद दिया।  स्कूल के सचिव, आंध्र एसोसिएशन के अध्यक्ष जी.स्वामी ने स्कूल की अकादमिक गतिविधियों की जानकारी दी।  आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।