डॉ. अम्बेडकर जयंती पर हुई संगोष्ठी, “बाबा साहेब ने समानता को माना जीवन का मूल-मन्त्र”

Posted On:- 2022-04-14



रायपुर (वीएनएस)। अग्रसेन महाविद्यालय में आज संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उनका पुन्य स्मरण किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल सहित अन्य वक्ताओं ने डॉ अम्बेडकर के व्यक्तित्व से जुड़े अनेक प्रसंगों की चर्चा की। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में इस बात को रेखांकित किया कि डॉ अम्बेडकर ने समाज में सभी प्रकार के ऊंच-नीच और भेद-भाव को मिटाकर समानता स्थापित करने को ही जीवन का मूल-मन्त्र माना।

इस आयोजन को उद्देश्यपूर्ण बताते हुए महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल ने कहा कि डॉ अम्बेडकर ने अपने पूरे जीवन काल में उपेक्षा और अपमान सहते हुए भी हमेशा वंचितों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए कार्य किया। भारत का संविधान बनाकर उन्होंने नागरिकों को एक ऐसा अनमोल दस्तावेज दिया है, जिसके लिए पूरा देश उनका हमेशा ऋणी रहेगा। पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विभाष कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि लन्दन, जर्मनी और अमेरिका से अलग-अलग विषयों में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ अम्बेडकर ने अपने जीवन में भले ही अपमान और उपेक्षा का सामना किया, लेकिन उन्होंने दुनिया को जो अमूल्य दस्तावेज दिया है, उससे ही उनकी महानता सिद्ध होती है। यदि हम डॉ आंबेडकर के कार्यों का एक अंश भी अपने जीवन में दोहरा सकें, तो इससे निश्चित ही हमारा और पूरे समाज का भला होगा।

पत्रकारिता संकाय के प्राध्यापक प्रो. राहुल तिवारी ने कहा कि संविधान को बाईस भागों में समाहित करते हुए डॉ अम्बेडकर ने इसमें जो भी अनुच्छेद शामिल किए हैं, वे सभी बिंदु संविधान सभा के सभी 298 सदस्यों की सर्वसम्मति से जोड़े गए हैं। हर एक बिंदु पर सर्व-सम्मति पाने के बाद इतना बड़ा दस्तावेज बनाना किसी भी लिहाज से आसान नहीं था, लेकिन यही डॉ आंबेडकर का अमूल्य योगदान है, जिसे उन्होंने अपनी व्यापक शिक्षा और विलक्षण प्रतिभा से संभव कर दिखाया। महाविद्यालय की नैक कोआर्डिनेटर डॉ. डॉली पाण्डेय ने कहा कि डॉ आंबेडकर ने समाज में समानता स्थापित करने के लिए ही संविधान में मौलिक अधिकार सहित अनेक प्रावधान किये। कार्यक्रम में पत्रकारिता विभाग के छात्र जय गोलछा ने भी डॉ आंबेडकर के जीवन से जुडी कुछ रोचक जानकारियाँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का संचालन समाज कार्य विभाग की प्राध्यापक प्रो. रुक्मिणी अग्रवाल ने किया तथा संयोजन एन.एस.एस प्रभारी प्रो. दीपिका अवधिया ने किया। इसमें विद्यार्थियों और प्राध्यापकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।