रायपुर (वीएनएस)। कांग्रेस विधायक डॉ. विनय जयसवाल का रायपुर रेलवे स्टेशन में मोबाईल चोरी हो गया था, जिसकी सूचना पर मंडल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल रायपुर संजय कुमार गुप्ता ने टास्क टीम रायपुर को चोर को पकड़े जाने की जानकारी सौंपी थी। जिस पर पोस्ट प्रभारी रायपुर और मंडल टास्क टीम ने रेलवे स्टेशन रायपुर में लगे सीसीटीवी फुटेज को बारीकि से खंगाला। संदिग्ध के हुलिया के आधार मंडल टास्क टीम के प्रधान आरक्षक वीसी बंजारे और एचआर सोलंकी ने गाड़ी संख्या 12070 जनशताब्दी एक्सप्रेस में एक व्यक्ति व एक नाबालिक बालक को मोबाइल चोरी करते हुए पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट रायपुर लाया।
पूछताछ करने पर अपना नाम पता क्रमशः शिव कुमार महतो और एक नाबालिग, दोनों साहेबगंज झारखंड के निवासी हैं। रायपुर श्रीनगर एवं फाफाडीह में किराए के मकान लेकर चोरी का कार्य करते हैं। अग्रिम कार्यवाही करते हुए शासकीय रेल पुलिस थाना रायपुर प्रभारी एलएस राजपूत व पोस्ट प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल रायपुर एमके मुखर्जी और मंडल टास्क टीम की संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी अंकित कुमार पासवान को पकड़ा, जिसके पास कुल 29 नग मोबाइल फोन बरामद किया गया। शासकीय रेल पुलिस रायपुर के द्वारा पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।