सभी विकासखंडों में 18 से 22 तक आयोजित होंगे स्वास्थ्य जागरूकता मेले

Posted On:- 2022-04-15



रायपुर (वीएनएस)। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य जागरूकता मेलों का आयोजन किया जा रहा है। आम जन को स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके, इस उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में विकासखण्ड स्तर पर जागरूकता मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी विकासखंडों में 18 से 22 अप्रैल तक इन मेलो में स्वास्थ्य संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें डिजिटल स्वास्थ्य आई.डी. का निर्माण, गैर-संचारी रोग (मधुमेह/रक्तचाप/कैंसर/मोतियाबिंद) की जांच, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण, स्वास्थ्य शिक्षा, बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं, टेली कंसल्टेशन और रेफरल, योग-ध्यान, स्वास्थ्य मेला हेतु प्रचार प्रसार, आदि संचालित होंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के मीडिया प्रभारी गजेन्द्र डोंगरे ने बताया, ‘‘विकासखण्ड स्तर पर स्वास्थ्य मेले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर आरंग, धरसींवा, तिल्दा और अभनपुर में आयोजित किए जाएंगे यह मेले आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित होगें । केंद्रों पर होने वाले स्वास्थ्य मेलो के लिये समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। स्वास्थ्य मेलों में जनमानस को अधिक से अधिक लाभ मिल सके इसके लिये तैयारी की गई हैं।

गजेन्द्र डोंगरे कहते है कि स्वास्थ्य मेले आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य लोगों को विभिन्न तरह के संचारी व गैर-संचारी रोगों के प्रति जन-जागरूकता लाना है । साथ ही स्वास्थ्य-संबंधी विषय पर लोगों को सजग भी बनाना है। इस दौरान डिजिटल हेल्थ आईडी बनाया जाएगा। इसके आधार पर लाभार्थी देश में कहीं भी अपना उपचार आसानी से करा सकेंगे । टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज की सुविधा, बेहतर स्वास्थ्य के लिये योग, मेडिटेशन से संबंधित जानकारी देते हुए लोगों को इसे नियमित रूप से अपने जीवन में शामिल करने के लिये प्रेरित किया जायेगा। मेला स्थल पर रक्तदान शिविर और अंगदान के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि ज़रूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके ।

मेले में इन बीमारियों की होगी जांच जिले में 18 अप्रैल से 22 अप्रैल तक चलने वाले स्वास्थ्य मेला में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद की जांच, आंख, नाक कान एवं गले से संबंधित जांच, दंत चिकित्सा जांच, त्वचा की जांच, पोषण के लिए परामर्श, एड्स नियंत्रण के लिए परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टी.बी. नियंत्रण, मलेरिया, आंखों की जांच, धूम्रपान और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव और जांच, कैंसर नियंत्रण के साथ साथ रक्तदान के महत्व और अंगदान के लिए भी जागरूक किया जाएगा । स्वास्थ्य विभाग ने सभी लोगों से अपील है कि वे मेले में आए और कोरोना की गाइडलाइन का पालन जरूर करें।