परसा कोल खदान के विरोध में ग्रामीणों ने किया हंगामा

Posted On:- 2022-04-15



उदयपुर (वीएनएस)। परसा कोल खदान के विरोध में ग्रामीणों की उग्र भीड़ ने खदान के  चल रहे निर्माण कार्य को बंद कराया। सैकड़ों की संख्या में खदान के विरोध में पहुंचे लोगों ने कार्यस्थल पर लगे जनरेटर को फूंक दिया है तथा वहाँ बनाये गए अस्थायी पोस्ट को भी आग लगा दी है।

आगजनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।  साथ ही समर्थन वाले लोग भी सैकड़ों की संख्या में यहां मौजूद रहे पुलिस बल भी काफी संख्या में मौजूद हैं ।घटनास्थल पर थाना प्रभारी लखनपुर प्रशिक्षु आईपीएस रॉबिंसन गुड़िया, धीरेंद्र नाथ दुबे उदयपुर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस बल मौके पर उपस्थित हैं। इनके अलावा प्रशासन की ओर से डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू भी उपस्थित हैं। विदित हो कि परसा कोल खदान का विरोध फतेहपुर हरिहरपुर इत्यादि गांव के ग्रामीण  लगातार कर रहे  है।

इसी तारतम्य में इनके ने 2 मार्च से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन ग्राम हरिहरपुर में किया जा रहा है। 15 अप्रैल को ग्रामीणों की भीड़ ने खदान के कार्यस्थल में लगे कंपनी के जनरेटर व कार्य में लगे मजदूरों के अस्थाई टीन शेड से बने निवास को फूंक दिया । ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी ग्राम सभा प्रस्ताव से स्वीकृत कोयला खदान के विरोध में कई बार शासन प्रशासन को आवेदन दिया गया। परन्तु इस पर अब तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। आगजनी से कम्पनी को कितने का नुकसान हुआ है यह अभी पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल ग्राम साल्ही में काफी संख्या में पुलिस बल अभी मौके पर मौजूद है।