खरसिया (वीएनएस)। नगर पालिका प्रशासन ने नगर के मार्गों को उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और प्रमुख विभूतियों के नाम समर्पित किया, जिन्होंने नगर समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। नगर पालिकाध्यक्ष श्रीमती राधा शर्मा और वरिष्ठ युवा कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा ने विभूतियों की यादों को धरोहर के रूप में चिरस्थाई बनाते हुए रेलवे फाटक से मदनपुर जाने वाले मार्ग को पूर्व नपा अध्यक्ष जागेराम शर्मा के नाम किया। वहीं पुत्रीशाला मार्ग को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मदनलाल शर्मा के नाम किया है। इसी कड़ी में स्टेशन चौक से फकीर गली जाने वाले मार्ग को ठाकुर रघुवीर सिंह मार्ग का नाम दिया गया। वहीं पोस्टऑफिस से आदर्श स्कूल के मार्ग को पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वैद्य बेगराज शर्मा के नाम से घोषित किया है। वार्ड नंबर 4 के प्रमुख मार्ग को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम किया गया। वहीं हेमू कलानी चौक से राठौर चौक होते हुए रायगढ़ चौक तक पहुंचने वाले मार्ग को वीर दुर्गादास राठौर मार्ग नामकरण किया गया है।
परशुराम जयंती पर होगा भूमि पूजन
वरिष्ठ युवा कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा ने बताया कि परशुराम जयंती के पावन अवसर पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की आदमकद प्रतिमा स्थापन के लिए भूमि पूजन किया जाएगा।नेता शर्मा ने कहा कि उच्च गुणवत्ता की मूर्ति बनाने के लिए समय के अभाव को लेकर इस वर्ष भूमि पूजन किया जा रहा है, वहीं आगामी जयंती तक परशुराम चौक में विशालकाय मूर्ति की स्थापना भी कर दी जाएगी।