धमतरी (वीएनएस)। बठेना अस्पताल के पीछे इलाके के रेलवे लाइन में सफाई कार्य के साथ-साथ रेलवे के अधिकारियों ने नाप जोख शुरू कर दिया है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि निकट भविष्य में बड़ी रेल लाईन का काम धमतरी स्टेशन से शुरू होगा। इसके साथ ही कब्जाधारियों को नोटिस मिलने लगी है। जिससे लोगों में अपने घर को लेकर चिंता बढ़ गई है। कुछ लोग तो मकान भी खाली करने लगे है। उल्लेखनीय है कि रेलवे के अधिकारियों ने गुरूवार को रेलवे स्टेशन के क्षेत्र में निवासरत 123 लोगों को नोटिस देकर 7 दिन के भीतर कब्जा हटाने का आदेश दिया है। इस इलाके में लगभग 339 प्रभावित परिवार निवासरत हैं।
रेलवे अधिकारियों ने नोटिस जारी कर कहा कि रेलवे क्षेत्र धमतरी में अवैध रूप से अतिक्रमण कर उसका उपयोग व्यवसाय एवं आवास के लिए किया जा रहा है। उक्त क्षेत्र में बड़ी रेल लाईन एवं अन्य विकास कार्य प्रगति में होने के कारण उसे हटाना अतिआवश्यक है। उक्त अवैध कब्जे को 7 दिन के भीतर स्वयं हटा लें अन्यथा रेलवे प्रशासन द्वारा कानूनी कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही के दौरान किसी प्रकार की क्षति या नुकसान के लिए रेलवे प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा। कार्यवाही के दौरान होने वाले खर्च की वसूली भी उनसे लिया जायेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर संभाग के इस नोटिस आदेश जारी होने के बाद रेलवे स्टेशन के रहवासियों में हडक़ंप मच गया।
रेलवे के टेक्निशियन विभाग कर्मी अभय, भीषम शुक्रवार को भी नोटिस बांटने वार्ड में निकले थे। उन्होंने कहा कि वे रायपुर से नोटिस बांटने आये हैं। यह तीसरी नोटिस है। चूंकि रेलवे विभाग अब पूरी तरह यहां काम शुरू करने की तैयारी में है। अभनपुर, केन्द्री और संबलपुर, सांकरा के पास पुल निर्माण कार्य जारी है। प्रभावितों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन उन्हें व्यवस्थापन का आश्वासन देता आ रहा है। जहां व्यवस्थापन किया जाना है। वह आवास अभी अधूरा है। ऐसे में हम लोग बेघर हो जायेंगे। शासन, प्रशासन को पहले हमारे रहने की व्यवस्था करनी चाहिए। उसके बाद ही स्टेशन पारा को खाली कराना उचित होगा। कुछ लोग दहशत में मकान खाली करना शुरू कर दिया है।