खरसिया (वीएनएस)। संकटमोचन हनुमानजी के जन्मदिवस पर नगर की आस्था के केंद्र गंजबाजार स्थित हनुमानमंदिर से भव्य निशानयात्रा निकाली गई। साथ ही रामभक्त को रिझाने के लिए आकर्षक रथ सजाया गया था, जिसमें मंगलमूर्ति श्रीरामजानकी सहित रामभक्त का मनोहारी छायाचित्र सुसज्जित रहा। साथ ही भक्तगण श्रीराम का गुणगान करते जयकारे लगा रहे थे। नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए शोभायात्रा गंजबाजार पहुँची। वहीं संध्याकाल में सुंदरकांड का पाठ एवं भण्डारे-प्रसाद का आयोजन किया गया।
ग्राम तेलीकोट स्थित दक्षिणमुखी हनुमान शक्तिपीठ, पंचमुखी हनुमान मंदिर, श्रीरामजानकी मंदिर-रामबाग, चंदनतालाब स्थित श्रीशिवमंदिर, रामबाग के सामने स्थित मंशापूर्ण संकटमोचन हनुमान मंदिर व बोतल्दा हनुमानमंदिर में रामायण-पाठ, भंडारा एवं भजनों के कार्यक्रम के साथ हनुमानजी का जन्मदिन पूरे अंचल में धूमधाम से मनाया गया।