धमतरी (वीएनएस)। धमतरी के डुबान और नगरी क्षेत्र के रिसगांव परिक्षेत्र में 50 से अधिक हाथी अलग अलग दल में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की आवाजाही पर वन विभाग की नजर है। ग्रामीणों को जंगल न जाने के लिए मुनादी के माध्यम से सलाह दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदा हाथी और उसके दल में शामिल 22-23 हाथियों के 15 अप्रैल की रात 8 बजे धमतरी परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरफर, सिलतरा के पास विचरण करने की जानकारी मिली। इसके बाद पहरियाकोना, उरपुटी, सिलतरा, हरफर, कलारबाहरा, मोंगरी, कांद्री, बरबांधा में एलर्ट जारी कर दिया गया है। 16 अप्रैल को इस हाथी दल के केरेगांव परिक्षेत्र अंतर्गत मारदापोटी के आसपास के जंगल में विचरण करने की जानकारी मिली। तब वन विभाग ने मारदापोटी, बनरौद, बांसपारा, माकरदोना, फुटहामुड़ा, कुम्हड़ा, कुरमाझर में मुनादी कर एलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह 16 अप्रैल को 30-31 हाथियों के दल ने रिसगांव परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मासुलखोई के खेतों में घुसकर फसलों को क्षति पहुंचायी। जानकारी मिलने के बाद ग्राम आमझर, रिसगांव, खल्लारी, जोगीबिरदो, चमेंदा, गांताबाहरा, मासुलखोई में एलर्ट जारी किया गया है। ज्ञात हो कि यह सब क्षेत्र उदंती-सीतानदी टाईगर रिजर्व वन में आता है। उधर यह भी खबर फैली है कि बिंद्रानवागढ़ गरियाबंद क्षेत्र में भी हाथियों का दल है जो धमतरी डिवीजन से करीबन 30 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। अगर हाथियों का झुंड गरियाबंद क्षेत्र के इलाके में है तो धमतरी क्षेत्र में भी आने में उन्हें कोई समय नहीं लगेगा। धमतरी वन मंडलाधिकारी मयंक पांडे ने बताया कि केरेगांव रेंज में हाथियों का दल डुबान से पहुंच गया है। इसी तरह सीतानदी अम्यारण्य क्षेत्र में भी विचरण करने का लोकेशन मिला है। गरियाबंद क्षेत्र से हाथी आने की कोई खबर नहीं है।