रायपुर (वीएनएस)। कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज रायपुर ने शनिवार को आशीर्वाद भवन बैरन बाजार में निःशुल्क सर्व ब्राह्मण सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया। इस आयोजन में सभी वर्ग के ब्राह्मणों के 47 बटुकों का उपनयन विद्वान आचार्यो ने कराया इस कार्यक्रम में महंत राम सुन्दर दास, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग, पं. धर्मेन्द्र मिश्र, अध्यक्ष कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज देवास, विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित हुए। पदाधिकारियों ने महंत राम सुन्दर दास का पुष्पाहार से स्वागत किया।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश भर के विप्र वर्ग ने भाग लिया। इस आयोजन में सभी बटुकों की निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था समाज की ओर से की गई । सचिव सुरेश मिश्रा ने बताया कि जातक के 16 संस्कारों में से 10वां संस्कार उपनयन संस्कार होता है। इसे यज्ञोपवित, बरुआ या जनेऊ संस्कार भी कहा जाता है। विप्र के लिए यह जीवन का सबसे महत्वपूर्ण संस्कार होता है। सुबह से यज्ञ हवन और विभिन्न रस्मअदायगी के साथ यह संस्कार सम्पन्न हुआ। इसमे बटुकों को ज्ञान, वैराग्य और कर्मकांड की शिक्षा दी गई तथा जीवन मे अनुशासन, शुचिता और नित्य कर्म जिनसे आध्यात्मिक उन्नति होती है| उन सबका संकल्प कराया गया, साथ में सभी बटुकों को गुरु मंत्र प्रदान किया गया। इन सभी रस्मो के बाद विशाल शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष ममता शुक्ला, उपाध्यक्ष राघवेन्द्र मिश्र, सह सचिव रज्जन अग्निहोत्री, सह सचिव गौरव शुक्ल सहित समाज के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।